
तीन हजार कोट, गुड़–अजवायन और तिरपाल से सर्द हवाओं पर रोक, गायों की सेहत पर खास ध्यान
आगरा। शीत लहर के प्रकोप को देखते हुए नगर निगम द्वारा गौशालाओं में संरक्षित गायों को ठंड से बचाने के लिए विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। नगर निगम की ओर से गौशाला में रह रही गायों को ठंड से सुरक्षित रखने के लिए मोटे कपड़े के कोट पहनाए जा रहे हैं, ताकि सर्द मौसम में उन्हें किसी प्रकार की परेशानी न हो।
पशु कल्याण अधिकारी डॉ. अजय कुमार सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि नगर निगम द्वारा फिलहाल लगभग तीन हजार गर्म कोटों की व्यवस्था की गई है, जिन्हें चरणबद्ध तरीके से गौशालाओं में मौजूद गायों को पहनाया जा रहा है। इसके साथ ही गायों की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने और ठंड के असर को कम करने के लिए उनके आहार में गुड़ और अजवायन भी शामिल की गई है।
डॉ. सिंह ने बताया कि सर्द हवाओं से बचाव के लिए गौशालाओं में विशेष प्रबंध किए गए हैं। गायों के बाड़ों के चारों ओर तिरपाल लगाए गए हैं, जिससे ठंडी हवा सीधे अंदर न आ सके और तापमान संतुलित बना रहे। इसके अलावा साफ-सफाई, सूखा बिछावन और नियमित निगरानी पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
—- नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल का वर्जन:
नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल ने कहा कि सर्दी के मौसम में गौशालाओं में रह रही गायों की सुरक्षा और स्वास्थ्य नगर निगम की प्राथमिकता है। ठंड से बचाव के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। कोट, पौष्टिक आहार और गौशालाओं में संरचनात्मक सुरक्षा के माध्यम से यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि किसी भी पशु को ठंड से नुकसान न हो। भविष्य में भी आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त इंतजाम किए जाएंगे।


