दशहरा घाट पर चला विशेष स्वच्छता और प्लॉगिंग अभियान, 50 किलो से अधिक कचरा उठाया

Press Release उत्तर प्रदेश

—- स्वच्छता पखवाड़ा के तहत होटल मैनेजमेंट के विद्यार्थियों ने नगर निगम के साथ की सहभागिता

आगरा। स्वच्छता पखवाड़ा के अंतर्गत नगर निगम प्रशासन की ओर से ताजमहल क्षेत्र स्थित दशहरा घाट पर विशेष स्वच्छता एवं प्लॉगिंग अभियान चलाया गया। अभियान में होटल मैनेजमेंट के विद्यार्थियों ने नगर निगम के साथ सहभागिता करते हुए घाट और उसके आसपास के क्षेत्र में स्वच्छता अभियान चलाया। विद्यार्थियों ने प्लॉगिंग के माध्यम से रास्तों और घाट क्षेत्र में बिखरा प्लास्टिक कचरा एकत्र किया।
अभियान के दौरान विद्यार्थियों और अन्य प्रतिभागियों ने स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक करने के साथ ही सार्वजनिक एवं पर्यटन स्थलों को साफ रखने का संदेश दिया। अभियान में 50 किलोग्राम से अधिक कचरा एकत्र किया गया। एकत्रित कचरे को नगर निगम की व्यवस्था के तहत वैज्ञानिक विधि से निस्तारण के लिए कुबेरपुर इंटीग्रेटेड वेस्ट मैनेजमेंट फैसिलिटी भेजा गया।
नगर निगम की ओर से चलाए गए इस अभियान का उद्देश्य स्वच्छता को जनभागीदारी से जोड़ना और शहर के प्रमुख ऐतिहासिक एवं पर्यटन स्थलों की स्वच्छता के प्रति नागरिकों में जिम्मेदारी की भावना विकसित करना रहा। विद्यार्थियों ने भी अभियान में सक्रिय भागीदारी करते हुए स्वच्छता को दैनिक व्यवहार का हिस्सा बनाने का संदेश दिया।
अभियान के समापन पर विद्यार्थियों एवं उपस्थित प्रतिभागियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई। सभी ने सार्वजनिक स्थलों पर कचरा न फैलाने, स्वच्छता बनाए रखने और ऐतिहासिक एवं पर्यटन स्थलों को साफ-सुथरा रखने का संकल्प लिया। नगर निगम के इस अभियान के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि शहर की स्वच्छता केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि नागरिकों की सक्रिय भागीदारी से ही इसे स्थायी रूप से बेहतर बनाया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *