शराब ठेके और पान मसाला विक्रेता नगर निगम के निशाने पर, चारों जोन में चलेगा विशेष अभियान

Press Release उत्तर प्रदेश

आगरा। स्वच्छ सर्वेक्षण को लेकर नगर निगम प्रशासन ने शहर में तैयारियों को तेज कर दिया है। शहर को साफ-सुथरा और सुंदर बनाने के उद्देश्य से हर क्षेत्र में विशेष स्वच्छता अभियान चलाए जा रहे हैं। इसके बावजूद कुछ दुकानदारों द्वारा खुलेआम गंदगी फैलाकर नगर निगम के प्रयासों को कमजोर किया जा रहा है, जिस पर अब सख्त कार्रवाई की तैयारी कर ली गई है।
नगर निगम प्रशासन के अनुसार शराब के ठेके, पान मसाला और तंबाकू उत्पाद बेचने वाले दुकानदारों द्वारा सबसे अधिक गंदगी फैलाई जा रही है। दुकानों के आसपास प्लास्टिक, रैपर और अन्य कचरा फेंके जाने से न केवल स्वच्छता प्रभावित हो रही है, बल्कि शहर की छवि पर भी नकारात्मक असर पड़ रहा है।
इस स्थिति को गंभीरता से लेते हुए नगर निगम प्रशासन ने ऐसे दुकानदारों को चिन्हित कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई का निर्णय लिया है। इसके लिए विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं, जो शहर के चारों जोन में एक साथ अभियान चलाकर निरीक्षण करेंगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर जुर्माना एवं अन्य दंडात्मक कार्रवाई करेंगी।
सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम ने जानकारी देते हुए बताया कि स्वच्छता केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि गंदगी फैलाने वाले दुकानदारों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।
उन्होंने सभी व्यापारियों से अपील करते हुए कहा कि वे अपनी दुकानों पर गीले और सूखे कचरे के लिए अलग-अलग डस्टबिन रखें और ग्राहकों को भी कचरा इधर-उधर न फेंकने के लिए प्रेरित करें। साथ ही उन्होंने शहरवासियों से भी स्वच्छ सर्वेक्षण में बेहतर रैंकिंग दिलाने के लिए सहयोग करने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *