आगरा। रेल यात्रियों की सुरक्षा, सुविधा एवं निर्बाध रेल परिचालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मंडल रेल प्रबंधक गगन गोयल के दिशा-निर्देशन एवं वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त आगरा पी. राज मोहन के मार्गदर्शन में आगरा मंडल द्वारा ट्रेनों एवं रेलवे स्टेशन परिसरों में यात्रियों को परेशान कर जबरन धनराशि वसूलने तथा न्यूसेंस उत्पन्न करने वाले किन्नरों के विरुद्ध विशेष अभियान निरंतर चलाया जा रहा है। यह अभियान मंडल के विभिन्न स्टेशनों एवं ट्रेनों में रेलवे सुरक्षा बल तथा वाणिज्य विभाग के समन्वय से संचालित किया जा रहा है।
इसी क्रम में दिनांक 01 अप्रैल 2026 से 20 जून 2026 तक चलाए गए विशेष अभियान के दौरान आगरा मंडल में कुल 252 मामलों में कार्रवाई की गई तथा जुर्माना वसूल किया गया। अभियान के अंतर्गत आगरा छावनी स्टेशन पर 95 मामले एवं मथुरा जंक्शन स्टेशन पर 103 मामलों में कार्रवाई की गयी | इसके अतिरिक्त आगरा मंडल के अन्य स्टेशनों एवं ट्रेनों में भी प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की गई।
आगरा मंडल द्वारा चलाए जा रहे इस अभियान का उद्देश्य ट्रेनों एवं रेलवे परिसरों में यात्रियों को अनावश्यक रूप से परेशान करने, जबरन धनराशि मांगने, अभद्र व्यवहार करने तथा अन्य प्रकार की अवांछित गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना है। अभियान के दौरान ऐसे व्यक्तियों के विरुद्ध रेलवे अधिनियम के प्रासंगिक प्रावधानों के अंतर्गत विधिसम्मत कार्रवाई की गई।
जनसंपर्क अधिकारी संजय कुमार गौतम ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा एवं सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा ट्रेनों एवं रेलवे स्टेशन परिसरों में किसी भी प्रकार की जबरन वसूली, न्यूसेंस अथवा अवैध गतिविधियों को किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भविष्य में भी ऐसे तत्वों के विरुद्ध विशेष अभियान लगातार जारी रहेंगे।
रेल यात्रियों से अपील की जाती है कि यदि यात्रा के दौरान कोई व्यक्ति जबरन धनराशि की मांग करता है, अभद्र व्यवहार करता है अथवा किसी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि में संलिप्त दिखाई देता है, तो इसकी सूचना तत्काल रेलवे हेल्पलाइन 139 अथवा निकटतम RPF/GRP अधिकारी को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।


