मंडल कार्यालय में प्रशिक्षित कर्मचारियों की टीम द्वारा बनाए जा रहे डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र, पेंशनर्स के स्वास्थ्य परीक्षण की भी व्यवस्था
80 वर्ष से अधिक आयु के पेंशनर्स को घर जाकर डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र बनवाने में किया जा रहा सहयोग
आगरा। रेलवे बोर्ड तथा उत्तर मध्य रेलवे मुख्यालय, प्रयागराज के निर्देशानुसार रेलवे पेंशनर्स के लिए दिनांक 01 नवंबर 2026 से 30 नवंबर 2026 तक डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र (DLC) बनाए जाने का विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है।
इसी क्रम में आगरा मंडल में मंडल रेल प्रबंधक श्री गगन गोयल एवं वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी श्री अरुण सिंह तोमर के दिशा-निर्देशन में मंडल कार्यालय, आगरा में विशेष शिविर आयोजित किया जा रहा है। यह शिविर 01 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक संचालित रहेगा, जिसमें प्रशिक्षित कर्मचारियों की टीम द्वारा रेलवे पेंशनर्स के डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र बनाए जा रहे हैं।
इस विशेष अभियान के लिए वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी को नोडल अधिकारी (Nodal Officer-in-Charge) नामित किया गया है। शिविर के सफल संचालन में रेलवे पेंशनर्स एसोसिएशन तथा भारतीय स्टेट बैंक (SBI), आगरा कैंट शाखा के शाखा प्रबंधक श्री नितिन अग्रवाल का भी सहयोग लिया जा रहा है।
आगरा मंडल द्वारा वरिष्ठ पेंशनर्स की सुविधा का विशेष ध्यान रखते हुए 80 वर्ष से अधिक आयु के पेंशनर्स के घर जाकर डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र बनवाने में हित निरीक्षकों के माध्यम से सहयोग प्रदान किया जा रहा है, ताकि उन्हें मंडल कार्यालय आने में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
आज मंडल कार्यालय में आयोजित विशेष शिविर में प्रशिक्षित कर्मचारियों की टीम, जिसमें श्रीमती बिंदु यादव, मुख्य हित निरीक्षक, हर्ष कुमार, हित निरीक्षक तथा अमित कुमार, वरिष्ठ लिपिक (आईटी) शामिल हैं, द्वारा रेलवे पेंशनर्स के डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र बनाए गए।
इसके अतिरिक्त, शिविर में आने वाले पेंशनर्स के स्वास्थ्य परीक्षण के लिए मंडल चिकित्सालय की टीम द्वारा स्वास्थ्य जांच की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है।
आगरा मंडल द्वारा इस पहल के माध्यम से रेलवे पेंशनर्स को सरल, सुगम एवं सुविधाजनक तरीके से डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने तथा उन्हें बेहतर सुविधाएं प्रदान करने का प्रयास किया जा रहा है।


