परिवारों में खासा उत्साह, शीतला माता की सामूहिक पूजा के बाद लगाएंगे ठंडे (एक दिन पहले बने)भोजन का भोग
पूरे शहर के साथ साथ कालामहल और बल्केश्वर में हो रहे हैं विशेष आयोजन
आगरा, 5 सितंबर। सिंधी समाज में आज थदड़ी पर्व को लेकर तैयारियां चल रही हैं। घरों में ठंडे (बासी) भोजन का प्रसाद शीतला मैया को लगाया जाएगा। शीतला मैया से सुख-शांति की प्रार्थना की जाएगी। ब्राह्मणों को भोज कराया जाएगा। काला महल और बल्केश्वर में भगवान झूलेलाल मंदिरों पर विशेष कार्यक्रम होंगे।
घर-घर में शीतला माता की पूजा की तैयारियां चल रही हैं। सिंधी सेन्ट्रल पंचायत के मुख्य संरक्षक गागन दास रामानी ने बताया कि सिंधू घाटी की सभ्यता सबसे पुरानी है और अनादि काल से सनातन धर्मानुसार सिंधी समाज सभी त्योहार मनाता चला आ रहा है। इसी कड़ी में श्रावण मास की कृष्ण पक्ष की सप्तमी को समाज की महिलाएं संतान की छोटी माता व बड़ी माता (खसरे व चेचक)बीमारियों से रक्षा करने के लिए शीतला माता से प्रार्थना करती हैं। उनकी लंबी आयु के लिए कामना की जाती है।छठ वाले दिन तरह तरह के पकवान बनाए जाते हैं जिनमें मीठी कोकी, तली हुई मीठी रोटी (टिककी),पकवान,नमकीन रोटी, रायता, चावल व पसंद अनुसार सब्जी व अन्य व्यंजन छठ के दिन तैयार कर अगले दिन सप्तमी को किसी नदी तालाब अथवा जलाशय पर महिलाएं एकत्रित होकर शीतला माता की पूजा अर्चना करके माता की प्रसंता के गीत गाकर अपने देश, समाज व परिवार की सुख समृद्धी की कामना कर इस पर्व को श्रध्दा से मनाती हैं ।गाए जाने वाले गीतों में प्रमुख रूप से यह गीत गाया जाता है:
” सावण माई सतांह आयी भरियूं झोलियूं दे। जहिडी सच्ची शीतला सभ जो खैर करे “। रामानी ने बताया किअखंड भारत के सिंध प्रांत से लगे हुए राजस्थान व कच्छ भुज गुजरात में भी यह पर्व मनाने की परंपरा है जिसे बासोडा कहते हैं।
सेंट्रल पंचायत के मीडिया प्रभारी मेघराज दियालानी के अनुसार आज सिंधी परिवारों में कल के लिए भोजन तैयार हो रहा है। भोजन तैयार करने के बाद चूल्हे को ठंडा कर दिया जाता है। सिंधी सेंट्रल पंचायत के मुख्य संरक्षक गागनदास रामाणी, अध्यक्ष चंद्र प्रकाश सोनी, घनश्यामदास देवनानी, मीडिया प्रभारी मेघराज दियालानी, पंडित बंटी महाराज,किशोर बुधरानी,परमानंद आतवानी, जयरामदास होतचंदानी, राज कोठारी, नरेश देवनानी,सुशील नौतनानी जगदीश डोडानी, राज कुमार गुरनानी, राजू खेमानी,जय प्रकाश केसवानी, अशोक परवानी,अमृत माखीजा, रोहित अयलानी, अशोक कोडवानी, दौलत खुबनानी आदि ने सभी को पर्व की शुभकामनाएं दीं हैं।