उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड का कहर: घने कोहरे और शीतलहर से जनजीवन प्रभावित, कई राज्यों में अलर्ट जारी

National

पहाड़ी इलाकों से लेकर मैदानी राज्यों तक कड़ाके की सर्दी ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। India Meteorological Department (IMD) ने उत्तर भारत के कई हिस्सों में घने से बहुत घने कोहरे और शीतलहर को लेकर चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार, पंजाब में 20 दिसंबर की सुबह तक, हरियाणा, चंडीगढ़, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, उत्तरी मध्य प्रदेश और बिहार में 21 दिसंबर की सुबह तक, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश में 22 दिसंबर की सुबह तक रात और सुबह के समय घना से बहुत घना कोहरा छाए रहने की संभावना है।

IMD का कहना है कि आने वाले दिनों में पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है। 21 दिसंबर को जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के कुछ इलाकों में भारी बारिश/बर्फबारी की आशंका है। वहीं 20 से 22 दिसंबर के बीच पंजाब में छिटपुट बारिश के संकेत मिल रहे हैं।

दिल्ली-एनसीआर: कोहरे और खराब हवा से बढ़ी परेशानी

राष्ट्रीय राजधानी के कई इलाकों में शनिवार सुबह घने कोहरे और धुंध के चलते दृश्यता काफी कम रही। 20–21 दिसंबर के दौरान मध्यम से घना कोहरा बने रहने का अनुमान है। दिल्ली और नोएडा के अधिकांश क्षेत्रों में एयर क्वालिटी इंडेक्स 300 से 450 के पार पहुंच चुका है, जो ‘गंभीर’ श्रेणी में दर्ज किया जा रहा है।

उत्तर प्रदेश: ठंड का असर, तापमान में और गिरावट के संकेत

प्रदेश में कड़ाके की सर्दी जारी है। ज्यादातर जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे और अधिकतम तापमान 20 डिग्री से कम रिकॉर्ड किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले कुछ दिनों में कोहरे के साथ ठंड और बढ़ सकती है। 20 दिसंबर को पश्चिमी और पूर्वी यूपी में मौसम शुष्क रहने की संभावना है, लेकिन पश्चिमी हिस्सों में कहीं-कहीं और पूर्वी क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर घना से अत्यंत घना कोहरा छाने का अलर्ट जारी किया गया है।

उत्तराखंड: मैदानी इलाकों में कोहरा, पहाड़ों पर बर्फबारी की संभावना

राज्य के कई जिलों में मौसम विभाग ने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट घोषित किया है। पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है। IMD के अनुसार, देहरादून और आसपास के इलाकों में आंशिक बादल छाए रहेंगे और कुछ स्थानों पर कुहासा भी देखने को मिल सकता है।

बिहार: ठंड और कोहरे का दोहरा असर, अलर्ट जारी

बिहार में सर्दी के साथ घना कोहरा लोगों के लिए बड़ी परेशानी बना हुआ है। कोहरे को देखते हुए राज्य के 12 जिलों में ‘रेड अलर्ट’ और 26 जिलों में ‘येलो अलर्ट’ जारी किया गया है। गया में न्यूनतम तापमान करीब 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। हालात को देखते हुए कई जिलों में स्कूलों की समय-सारिणी में भी बदलाव किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *