
आगरा, 3 नवंबर। आकाशवाणी के आगरा केंद्र परिसर में अवैध हथियार मिलने से सनसनी फैल गयी। काफी देर तक तो यहां के कर्मचारी समझ ही नहीं पाये कि क्या करें और क्या न करें। आखिर मामला पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। अब पुलिस मामले की तह तक जाएगी कि आखिर इस तरह आकाशवाणी परिसर में हथियार रखकर कौन चला गया।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार घटना रविवार दो नवंबर 2025 की है। छुट्टी का दिन था। सुरक्षा कर्मी और कुछ मजदूर परिसर में पेंट आदि का काम कर रहे थे। सायंकाल सिक्योरिटी गार्ड को कुछ काम था। वह आकाशवाणी के एक कर्मचारी को गेट की सुरक्षा में बैठाकर चला गया। पता नहीं कैसे इसी दौरान सुरक्षा गार्ड की जगह बैठे कर्मचारी की आंख लग गयी। वह झपकी लेने लगा। कुछ देर बाद ही जब उसकी आंख खुलीं तो देखा मैन गेट जो बड़ा वाला है,वह तो बंद था लेकिन छोटा वाला गेट खुला हुआ था। तभी सामने इस कर्मचारी की नजर पड़ी तो देखा एक पिस्टल पड़ी हुई है। यह देखकर कर्मचारी के हाथ-पांव फूल गये। उसने तुरंत पहले तो सुरक्षा कर्मी को जानकारी दी। वह दौड़ता हुआ आया। पिस्टल देखकर सुरक्षा कर्मी समझ गया कि यह तो असली पिस्टल है। उन्होंने तुरंत ही आला अफसरों को सूचना दी।
यह सुनकर अफसरों के भी हाथ-पांव फूल गये।वे समझ ही नहीं पा रहे थे कि आकाशवाणी के गेट के बाहर चाटपकौड़ी, ठेले वाले खड़े रहते हैं। रविवार का दिन था तो चाट खाने वालों की भी भीड़भाड़ ठीकठाक थी। फिर यह घटना कैसे हो गयी। आकाशवाणी परिसर में इस तरह की पहली घटना थी। इसलिये वहां के कर्मचारी भी नहीं समझ पा रहे थे कि वे क्या करें। आखिर मामला पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। संबंधित थाने में यह पिस्टल जमा करा दी गयी है। अब पुलिस पता लगायेगी कि कहीं किसी की गलती से तो नहीं गिर गयी यह पिस्टल अथवा कोई जानबूझकर पटककर चला गया है। बहरहाल आकाशवाणी केंद्र वालों के लिये यह घटना एक भारी सरदर्दी का सबब बन गयी है। हालांकि यह सुरक्षा व्यवस्था में एक बड़ी चूक भी मानी जा रही है। इस तरह तो कोई भी कुछ भी रखकर चला जाएगा।


