उत्तर मध्य रेलवे ने संरक्षा और सुरक्षा जागरूकता वीडियो किए जारी; संरक्षा समीक्षा बैठक में खामियों के प्रति “जीरो टॉलरेंस” का आह्वान
प्रयागराज। उत्तर मध्य रेलवे ज़ोन में संरक्षा को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए, महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने आज उत्तर मध्य रेलवे मुख्यालय में आयोजित एक उच्च स्तरीय संरक्षा समीक्षा बैठक के दौरान दो विशेष संरक्षा जागरूकता वीडियो जारी किए। प्रधान मुख्य संरक्षा अधिकारी श्री जे.सी.एस. बोरा और सभी विभाग के प्रधान विभागाध्यक्ष और मंडल रेल प्रबंधकों सहित वरिष्ठ मंडल अधिकारियों की उपस्थिति में आयोजित इस बैठक का मुख्य उद्देश्य संभावित जोखिम कारकों की पहचान करना और परिचालन संरक्षा के उच्चतम मानकों को सुनिश्चित करने के लिए सक्रिय उपाय लागू करना था।
आज जारी किए गए दोनों वीडियो महत्वपूर्ण ‘विजुअल सोशल अवेयरनेस’ टूल के रूप में कार्य करेंगे, जिन्हें आम जनता और यात्रियों द्वारा पालन किए जाने वाले विभिन्न संरक्षा प्रोटोकॉल के बारे में जागरूकता पैदा करने के लिए डिज़ाइन किया गया है:प्रथम वीडियो में स्वयं ट्रेन द्वारा एक संरक्षा संदेश दिया गया है, जो पथराव (Stone Pelting), अनधिकृत स्थानों से रेल पटरी पार करने, बंद लेवल क्रॉसिंग गेटों को पार करने और मवेशियों के ट्रेन से टकराने जैसी सामाजिक समस्याओं के प्रति जागरूक करता है।
दूसरा वीडियो मुख्य रूप से ‘मैन रन ओवर’ (Man Run Over) की समस्या पर केंद्रित है। इसका उद्देश्य यात्रियों को एक प्लेटफॉर्म से दूसरे प्लेटफॉर्म पर जाते समय रेलवे ट्रैक पार न करने के प्रति सचेत करना है।
बैठक के दौरान, महाप्रबंधक श्री नरेश पाल सिंह ने झांसी, आगरा और प्रयागराज मंडलों के 11 रेल कर्मचारियों को उनके उत्कृष्ट संरक्षा कार्यों के लिए सम्मानित किया। इस अवसर पर पुरस्कृत कर्मचारियों में श्री परसा राम मीणा – ट्रैक मेंटेनर-II/मैनपुरी, प्रयागराज मंडल, श्री शेरू – ट्रैक मेंटेनर-I/प्रयागराज, प्रयागराज मंडल, श्री हीरालाल – ट्रैक मेंटेनर-III/महोबा, झांसी मंडल, श्री रंजीत कुमार झा – स्टेशन मास्टर/पहाड़ा, प्रयागराज मंडल, श्री दीपक – पॉइंट्समैन/माता टीला, झांसी मंडल, श्री रईसुद्दीन – पॉइंट्समैन/ईदगाह, आगरा मंडल, श्री नमन मौर्य – गेटमैन/छलेसर, आगरा मंडल
श्री शशिकांत मीणा – सीनियर टेक्नीशियन (सिग्नल)/आगरा सिटी, आगरा मंडल, श्री भरत सिंह – स्टेशन मास्टर-I/राजा की मंडी, आगरा मंडल, श्री रविकांत मीणा – सीनियर टेक्नीशियन (कैरेज एवं वैगन)/मथुरा, आगरा मंडल, श्री संतोष कुमार – सीनियर टेक्नीशियन (कैरेज एवं वैगन)/जी एम सी, प्रयागराज मंडल शामिल थे।
प्रयागराज मंडल के सीनियर टेक्नीशियन (कैरेज एवं वैगन) श्री संतोष कुमार को माह जनवरी 2026 के लिए “एम्प्लॉई ऑफ द मंथ” पुरस्कार से नवाजा गया है।
बैठक को संबोधित करते हुए श्री नरेश पाल सिंह ने कहा, “संरक्षा केवल एक प्रोटोकॉल नहीं है; यह एक मानसिकता है। ये दोनो वीडियो ट्रेन संचालन को प्रभावित करने वाले और यात्रियों की सुरक्षा को खतरे में डालने वाले सामाजिक मुद्दों के बारे में जागरूकता फैलाने में प्रभावी साबित होंगे।”
संरक्षा प्रदर्शन की गहन समीक्षा करते हुए महाप्रबंधक ने निम्नलिखित निर्देश जारी किए:
• सघन रात्रि निरीक्षण: “क्रिटिकल आवर्स” (अति महत्वपूर्ण घंटों) के दौरान कर्मचारियों की सतर्कता की निगरानी के लिए औचक निरीक्षण बढ़ाना।
• परामर्श कार्यक्रम: कर्मचारियों के लिए ‘वन-टू-वन’ संरक्षा काउंसलिंग को मजबूत करना।
• संपत्ति की अखंडता: सिग्नलिंग या ट्रैक से जुड़ी किसी भी गड़बड़ी की तत्काल रिपोर्टिंग और सुधार।
इन वीडियो को उत्तर मध्य रेलवे नेटवर्क के रेलवे स्टेशनों पर लगी डिजिटल स्क्रीन, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और अन्य प्रचार माध्यमों के जरिए प्रसारित किया जाएगा।
