
—— 1533 और 14420 हेल्पलाइन से 12743 से अधिक समस्याओं का हुआ निस्तारण
आगरा। नगर निगम प्रशासन द्वारा डी ट्रिपल सी (डेडीकेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर) के स्थापना दिवस को बड़े उत्साह और धूमधाम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर पूरे नगर निगम परिसर को रंग-बिरंगे गुब्बारों से सजाया गया और आकर्षक रंगोली बनाकर कार्यक्रम को विशेष रूप दिया गया। आयोजन के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों में खासा उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार ने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा 4 अप्रैल 2022 को डी ट्रिपल सी की स्थापना प्रदेश के सभी 750 निकायों में की गई थी। इसका मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है।
उन्होंने बताया कि नागरिक अपनी सामान्य समस्याओं (सफाई,लाइट, निर्माण, नाला आदि)के समाधान के लिए 1533 हेल्पलाइन नंबर पर तथा सीवर संबंधी समस्याओं के लिए 14420 नंबर पर कॉल कर शिकायत दर्ज करा सकते हैं। ये दोनों हेल्पलाइन नंबर 24×7 संचालित होते हैं, जिससे लोगों को किसी भी समय सहायता उपलब्ध हो सके।
इस अवसर पर सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम ने जानकारी दी कि डी ट्रिपल सी के माध्यम से अब तक 12743 शिकायतों का सफलतापूर्वक निस्तारण किया जा चुका है, जो इसकी प्रभावशीलता को दर्शाता है।
इस अवसर पर नगर विकास मंत्री ए.के. शर्मा ने भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अधिकारियों और कर्मचारियों को संबोधित किया। उन्होंने डी ट्रिपल सी की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि यह प्रणाली जनसेवा को और अधिक पारदर्शी एवं उत्तरदायी बनाने में महत्वपूर्ण साबित हो रही है। साथ ही उन्होंने सभी कर्मचारियों को निर्देश दिए कि वे नागरिकों की समस्याओं के समाधान में तत्परता और संवेदनशीलता के साथ कार्य करें।
कार्यक्रम का समापन उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ, जिसमें सभी ने जनसेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।


