आगरा में अवैध रूप से रह रहे 38 बांग्लादेशी नागरिकों की वतन वापसी शुरू

Crime उत्तर प्रदेश

आगरा। आगरा में अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी नागरिकों के खिलाफ की गई कार्रवाई अब अपने अंतिम चरण में पहुंच गई है। विदेशी अधिनियम के तहत सजा पूरी कर चुके 38 बांग्लादेशी नागरिकों को उनके देश वापस भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। शनिवार दोपहर करीब 1.30 बजे सभी को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच जिला जेल से पश्चिम बंगाल के लिए रवाना किया गया।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इन सभी बांग्लादेशी नागरिकों को 13 जनवरी 2023 को थाना सिकंदरा क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया था। जांच में सामने आया था कि ये सभी चोरी-छिपे अंतरराष्ट्रीय सीमा पार कर भारत में दाखिल हुए थे और आगरा में अवैध रूप से रह रहे थे। इसके बाद विदेशी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर सभी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें सजा सुनाई गई।

डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास ने बताया कि फरवरी 2022 में थाना सिकंदरा क्षेत्र की आवास विकास कॉलोनी सेक्टर-13 स्थित एक अवैध बस्ती में इन बांग्लादेशी नागरिकों की मौजूदगी सामने आई थी। सत्यापन के बाद सभी को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। सजा की अवधि पूरी होने के बाद अब कानूनी प्रक्रिया के तहत इन्हें वापस बांग्लादेश भेजा जा रहा है।

पुलिस के अनुसार, आगरा से रवाना किए गए सभी नागरिकों को पश्चिम बंगाल पहुंचाकर बीएसएफ (सीमा सुरक्षा बल) और इंटेलिजेंस ब्यूरो (आईबी) के साथ समन्वय कर उनके सुपुर्द किया जाएगा। तय कार्यक्रम के अनुसार 13 जनवरी को बीएसएफ इन्हें सीमा पार कराकर बांग्लादेश भेजेगी।

इस कार्रवाई को लेकर पुलिस प्रशासन का कहना है कि अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों के खिलाफ आगे भी सख्त अभियान जारी रहेगा और कानून के तहत आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *