100 फुटा मार्ग पर जलभराव से मिली राहत, नगर निगम ने कराई नाले की सफाई और सड़क की मरम्मत

Press Release उत्तर प्रदेश

—– शमसाबाद रोड पर सीएम ग्रिड के निर्माण से बिगड़े थे हालात, नगर निगम ने संभाली कमान; गड्ढे भरकर सड़क को कराया मोटरेबल

आगरा। फतेहाबाद रोड से शमसाबाद मार्ग को जोड़ने वाले 100 फुटा मार्ग पर सीएम ग्रिड योजना के तहत चल रहे निर्माण कार्य के कारण जलभराव की समस्या से जूझ रहे क्षेत्रीय लोगों को नगर निगम ने राहत दिलाई है। नालों के किनारे निर्माण कार्य की मिट्टी जमा होने से जलनिकासी बाधित हो गई थी। इसके चलते राजीव नगर और इंदिरापुरम मोड़ के पास नाले ओवरफ्लो होने से सड़क पर गंदा पानी भर गया था। लोगों की परेशानी को देखते हुए नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य के निर्देश पर नगर निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर जलनिकासी की व्यवस्था दुरुस्त कराई।
नगर निगम की टीम ने सबसे पहले सड़क किनारे स्थित नाले की सफाई कराई, जिससे अवरुद्ध जलनिकासी सुचारु हो सके और सड़क पर जमा पानी की निकासी की जा सके। मौके पर पहुंचे सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम ने जलभराव के कारण सड़क पर हुए गड्ढों को भरवाने के निर्देश दिए। इसके तहत जीएसबी (ग्रेन्युलर सब बेस), मिट्टी और मलबा डलवाकर सड़क को समतल कराया गया, ताकि वाहनों और राहगीरों का आवागमन फिर से सुचारु हो सके। सड़क को मोटरेबल कराकर लोगों को तत्काल राहत पहुंचाई गई।
दरअसल, 100 फुटा मार्ग पर सीएम ग्रिड योजना के तहत पाइपलाइन डालने के लिए गहरी खोदाई की गई थी। खोदाई से निकली मिट्टी नालों के किनारे जमा कर दिए जाने के कारण पानी की निकासी प्रभावित हो रही थी। मंगलवार को नाले ओवरफ्लो होने के बाद राजीव नगर और इंदिरापुरम मोड़ पर मुख्य सड़क तालाब में तब्दील हो गई थी। गंदा पानी घरों और दुकानों के सामने तक पहुंचने से स्थानीय लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। सड़क पर फैले पानी और कीचड़ के कारण राहगीरों का निकलना भी मुश्किल हो गया था।
जानकारी पर नगर निगम प्रशासन ने तत्काल राहत के साथ निर्माण कार्य में तेजी लाने की दिशा में भी कदम उठाए हैं। सहायक नगर आयुक्त ने संबंधित ठेकेदार को सीएम ग्रिड के कार्य में तेजी लाने और निर्माण के दौरान जलनिकासी की व्यवस्था बाधित नहीं होने देने के निर्देश दिए हैं। साथ ही सड़क पर दोबारा जलभराव की स्थिति न बने, इसके लिए नालों की नियमित सफाई और निगरानी पर जोर दिया गया है।

—— नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने बताया कि समस्या को गंभीरता से लेते हुए मौके पर टीम भेजकर जलनिकासी सुचारु कराई गई है। संबंधित निर्माण कार्य की भी जांच कराई जाएगी। लापरवाही सामने आने पर ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *