
वाटर वेडिंग मशीन एवं वाटर कूलर का नियमित रखरखाव, पानी की टंकियों की सफाई एवं कीटाणुशोधन पर विशेष जोर
यात्रियों एवं रेलवे कर्मचारियों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आगरा मंडल द्वारा पेयजल की गुणवत्ता की नियमित निगरानी एवं जांच की जा रही है। इसी क्रम में स्वास्थ्य निरीक्षकों (CHI) एवं सेक्शन इंजीनियर (वर्क्स) के समन्वय से पेयजल व्यवस्था की स्वच्छता एवं गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
विशेष अभियान के दौरान पेयजल बूथों, प्लेटफॉर्मों, वाटर कूलरों, वाटर वेडिंग मशीनों, आरओ सिस्टम तथा पानी की टंकियों का नियमित निरीक्षण किया जा रहा है। साथ ही पेयजल की गुणवत्ता की जांच कर आवश्यकतानुसार सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।
01 से 30 सितंबर 2026 के दौरान 427 पेयजल परीक्षण
आगरा मंडल में दिनांक 01 से 30 सितंबर 2026 के दौरान पेयजल के कुल 427 परीक्षण किए गए। इनमें 344 अवशिष्ट क्लोरीन (Residual Chlorine) परीक्षण, 80 बैक्टीरियोलॉजिकल परीक्षण तथा 03 रासायनिक परीक्षण शामिल हैं। जल नमूनों की जांच प्रक्रिया वर्तमान में भी जारी है।
जल गुणवत्ता की निगरानी के दौरान यदि किसी प्रकार की कमी पाई जाती है तो उसे त्वरित सुधार के लिए संबंधित इंजीनियरिंग एवं इलेक्ट्रिकल विभागों को भेजा जाता है, ताकि आवश्यक कार्रवाई समयबद्ध रूप से सुनिश्चित की जा सके।
प्रमुख स्टेशनों पर मासिक आधार पर तथा अन्य स्टेशनों पर प्रति छह माह बैक्टीरियोलॉजिकल परीक्षण कराया जा रहा है। इसके अतिरिक्त, पेयजल व्यवस्था की स्वच्छता को और बेहतर बनाने के लिए आगरा मंडल में 20 अगस्त 2026 से विशेष सफाई एवं कीटाणुशोधन अभियान चलाया जा रहा है।
आगरा कैंट, आगरा फोर्ट एवं मथुरा स्टेशनों पर वाटर वेडिंग मशीन एवं वाटर कूलर
आगरा मंडल के प्रमुख स्टेशनों पर यात्रियों की सुविधा के लिए वाटर वेडिंग मशीन एवं वाटर कूलर कार्यरत हैं। इनमें आगरा कैंट स्टेशन पर 10 वाटर वेडिंग मशीन एवं 10 वाटर कूलर, आगरा फोर्ट स्टेशन पर 06 वाटर वेडिंग मशीन एवं 04 वाटर कूलर तथा मथुरा स्टेशन पर 17 वाटर वेडिंग मशीन एवं 14 वाटर कूलर कार्यरत हैं। इन सुविधाओं के नियमित रखरखाव एवं स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
अभियान के अंतर्गत ओवरहेड, भूमिगत एवं पीवीसी पानी की टंकियों की सफाई एवं कीटाणुशोधन का कार्य लगातार किया जा रहा है। साथ ही पेयजल स्रोतों, जल भंडारण टंकियों तथा पेयजल सुविधाओं की स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए CHI एवं सेक्शन इंजीनियर (वर्क्स) द्वारा संयुक्त रूप से निगरानी की जा रही है।
आगरा मंडल द्वारा नियमित जल गुणवत्ता परीक्षण, पेयजल सुविधाओं के निरीक्षण एवं रखरखाव तथा पानी की टंकियों की सफाई एवं कीटाणुशोधन के माध्यम से यात्रियों एवं रेलवे कर्मचारियों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।


