यूक्रेन में शांति बहाली के प्रयासों के लिए राष्ट्रपति पुतिन ने PM मोदी सहीत अन्य वैश्विक नेताओं की सराहना की

Exclusive

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और ब्राजील के राष्ट्रपति लुईस इनासियो लूला दा सिल्वा का यूक्रेन में शांति बहाली के प्रयासों के लिए धन्यवाद किया है। पुतिन ने बेलारूस के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर लुकाशेंको के साथ एक प्रेस-कॉन्फ्रेंस में कहा कि रूस युद्धविराम (सीजफायर) के लिए तैयार है लेकिन यह सिर्फ अस्थायी न हो बल्कि इससे स्थायी शांति सुनिश्चित होनी चाहिए।

जब उनसे यूक्रेन की शांति वार्ता की इच्छा के बारे में पूछा गया तो पुतिन ने वैश्विक नेताओं के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा- “हम राष्ट्रपति ट्रंप, प्रधानमंत्री मोदी और अन्य नेताओं के प्रयासों की सराहना करते हैं जो इस युद्ध को समाप्त करने के लिए काम कर रहे हैं। शांति बहुत जरूरी है, लेकिन युद्धविराम ऐसा होना चाहिए जो स्थायी समाधान दे और भविष्य में युद्ध को रोके।”

उन्होंने यह भी संकेत दिया कि यूक्रेन की बातचीत के लिए सहमति शायद अमेरिका के दबाव में आई हो, लेकिन यह भी जरूरी है कि वास्तविक समाधान के लिए गंभीर बातचीत हो।

गौरतलब है कि यूक्रेन ने 11 मार्च अमेरिका द्वारा प्रस्तावित 30 दिनों के युद्धविराम को स्वीकार कर लिया। सऊदी अरब में हुई शांति वार्ता के बाद राष्ट्रपति ट्रंप ने यूक्रेन के फैसले का स्वागत किया और रूस से भी इसे मानने की अपील की। उन्होंने कहा कि युद्ध जल्द खत्म होना चाहिए ताकि और लोगों की जान न जाए।

वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुरू से ही शांति बहाली की वकालत कर रहे हैं। उन्होंने व्हाइट हाउस में एक बयान में स्पष्ट किया, “भारत तटस्थ (न्यूट्रल) नहीं है, हम शांति के पक्ष में हैं। किसी भी युद्ध का समाधान लड़ाई के मैदान में नहीं हो सकता। मैंने व्यक्तिगत रूप से राष्ट्रपति पुतिन और राष्ट्रपति जेलेंस्की दोनों से इस बारे में बात की है।” उन्होंने ट्रंप के शांति प्रयासों की सराहना की और कहा कि भारत हमेशा शांति स्थापित करने के लिए काम करेगा।

भारत इस युद्ध को खत्म करने के लिए लगातार कूटनीतिक प्रयास कर रहा है। जुलाई 2024 में, पीएम मोदी रूस गए और भारत-रूस शिखर सम्मेलन में पुतिन से शांति का रास्ता अपनाने की अपील की। अगस्त 2024 में, मोदी यूक्रेन भी गए और राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की से मुलाकात की, जहां उन्होंने दोहराया कि युद्ध का समाधान केवल बातचीत और कूटनीति से संभव है।

फरवरी 2022 से चल रहा रूस-यूक्रेन युद्ध भारी तबाही मचा चुका है। रूस ने संकेत दिया है कि वह शांति वार्ता के लिए तैयार है, लेकिन युद्धविराम केवल अस्थायी रोक नहीं होना चाहिए, बल्कि इसका स्थायी समाधान निकलना चाहिए।

-साभार सहित

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *