हवन सामग्री विसर्जन को नगर निगम ने रखवाये अर्पण कलश, घाटों पर की गई बैरीकेडिंग
आगरा।नवरात्र में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन को लेकर नगर निगम प्रशासन ने तैयारी शुरू कर दी है। श्रद्धालुओं की सुविधा और यमुना को प्रदूषण से बचाने के उद्देश्य से यमुना किनारे हाथी घाट, बल्केश्वर घाट, पार्वती घाट और कैलाश घाट पर अस्थायी विसर्जन कुंड खुदवाए जा रहे हैं। सभी कुंड शुक्रवार तक तैयार कर दिए जाएंगे, ताकि प्रतिमा विसर्जन का कार्य सुचारु रूप से संपन्न हो सके।
नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव कुमार वर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रतिमा विसर्जन के साथ-साथ हवन सामग्री के लिए भी अलग से अर्पण कलश रखवाए जा रहे हैं। इससे श्रद्धालु पूजा सामग्री सीधे यमुना में प्रवाहित न करें। उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं को यमुना की ओर जाने से रोकने के लिए नदी किनारे बैरीकेडिंग कराई जा रही है।
नगर निगम प्रशासन का कहना है कि श्रद्धालुओं से अपील की जाएगी कि वे केवल निर्धारित कुंडों में ही विसर्जन करें। निगम का उद्देश्य धार्मिक आस्था को सम्मान देने के साथ-साथ पर्यावरण और जल संरक्षण पर भी विशेष ध्यान देना है।