हर आधे घंटे के अंतराल पर उपलब्ध होगी पिंक ई बस की सुविधा
एम जी रोड पर ई रिक्शा व आटो का संचालन पूरी तरह रोका गया है
आगरा। प्रबंध निदेशक एएमसीटीएस एल एवं नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल के अनुसार शुक्रवार से एमजी रोड पर महिलाओं के लिए पिंक बस सेवा शुरू कर दी जाएगी। अबंती बाई चौराहे (प्रताप पुरा ) तक हर आधे घंटे में महिलाओं को ये सुविधा सुबह सात बजे से रात्रि दस बजे तक उपलब्ध होगी। फिलहाल पिंक बस सेवा के रूप में पांच बसें संचालित की जाएंगी। आवश्यकता पर इनकी संख्या बढ़ा दी जाएगी।
मेट्रो रेल कारपोरेशन लिमिटेड द्वारा किए जा रहे काम की वजह से एमजी रोड लंबे समय से जाम की समस्या को झेल रहा है। इसी को देखते हुए महात्मा गांधी रोड पर आटो और ई रिक्शा के संचालन पर पूरी तरह से रोक लगा दी गई है। इससे हुई यातायात साधनों की कमी को ई बसों की संख्या बढ़ाकर पूरा किया गया है। पहले इस मार्ग पर 36 बसों का संचालन किया जा रहा था, लेकिन बढ़ती हुई भीड़ और यात्रियों की परेशानियों को देखते हुए अब इनकी संख्या बढ़ाकर 65 कर दी गई है। इस रूट पर बसें तो बढ़ा दी गई लेकिन महिलाओं के लिए कोई विशेष बस सेवा शुरू नहीं की गई। नगर आयुक्त ने बताया कि बसों में भीड़ के कारण होने वाली परेशानी को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
—-11 सितंबर को लगाया गया था प्रतिबंध —–
11 सितंबर को जिला प्रशासन और ट्रैफिक पुलिस के साथ हुई बैठक में यह निर्णय लिया गया था कि एमजी रोड और अन्य जुड़ाव मार्गों पर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए ऑटो और ई-रिक्शा का संचालन रोका जाएगा। यही वजह रही कि बसों की संख्या बढ़ाने का फैसला लिया गया।
—- यहां तक संचालित हो रही सिटी बस सेवा —–
भगवान टॉकीज से वाया हरी पर्वत, सेंट जोंस,सुभाष पार्क, साईं की तकिया व अबंती बाई चौराहे से रोहता, आईएसबीटी वाया भगवान टाकीज, से आगरा कैंट, भगवान टाकीज से हरी पर्वत, सेंट जोंस, सुभाष पार्क, साईं की तकिया व अबंती बाई चौराहे से सदर, रोहता ,इटौरा ,ककुआ,तेहरा से सैंया के लिए यात्रियों को हर पांच से दस मिनट पर बसें चल रही हैं ।