80 वर्ष से अधिक आयु के पेंशनर्स को घर पर ही डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र बनवाने में मिल रही सहायता

Press Release उत्तर प्रदेश

आगरा मंडल में रेलवे पेंशनर्स के लिए 01 से 30 नवंबर तक बनेगा डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र

आगरा। रेलवे बोर्ड तथा उत्तर मध्य रेलवे मुख्यालय, प्रयागराज के निर्देशानुसार रेलवे पेंशनर्स के लिए 01 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र (DLC) बनाने का अभियान चलाया जाएगा। इसी क्रम में आगरा मंडल में मंडल रेल प्रबंधक श्री गगन गोयल के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी श्री अरुण कुमार तोमर के निर्देशन में मंडल कार्यालय में विशेष शिविर आयोजित किया जाएगा।
इस विशेष शिविर में प्रशिक्षित कर्मचारियों की टीम द्वारा रेलवे पेंशनर्स के डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र बनाए जाएंगे, ताकि पेंशनर्स को जीवन प्रमाण पत्र जमा करने की प्रक्रिया में सुविधा मिल सके। इस अभियान के लिए वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी को नोडल अधिकारी (Nodal Officer-in-Charge) नामित किया गया है।

डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र बनाने के कार्य में रेलवे पेंशनर्स एसोसिएशन तथा भारतीय स्टेट बैंक (SBI), आगरा कैंट शाखा के शाखा प्रबंधक श्री नितिन अग्रवाल का भी सहयोग लिया जा रहा है।

80 वर्ष से अधिक आयु के पेंशनर्स को घर पर मिल रही सुविधा
आगरा मंडल में 80 वर्ष से अधिक आयु के पेंशनर्स को प्राथमिकता देते हुए उनके घर जाकर डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र बनवाने की प्रक्रिया में सहायता की जा रही है। इस पहल का उद्देश्य वरिष्ठ एवं अस्वस्थ पेंशनर्स को मंडल कार्यालय आने की परेशानी से बचाना तथा उन्हें सुविधाजनक सेवाएं उपलब्ध कराना है। अब तक 80 वर्ष से अधिक आयु के 40 से ज्यादा पेंशनर्स के डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र बनाए जा चुके हैं।

इसी क्रम में सेवानिवृत्त कार्यालय अधीक्षक श्री महेश चंद, जिनकी आयु लगभग 84 वर्ष है, के घर जाकर भी डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र से संबंधित प्रक्रिया पूरी कराने में सहयोग किया गया।
आगरा मंडल द्वारा रेलवे पेंशनर्स को डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र बनवाने में आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। पेंशनर्स निर्धारित अवधि के दौरान मंडल कार्यालय में आयोजित विशेष शिविर का लाभ उठा सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *