महोबा में फटी पानी की टंकी पर अखिलेश यादव बोले— “ये जल मिशन नहीं, कमीशन मिशन है!

Politics

महोबा। उत्तर प्रदेश के महोबा जिले में जल जीवन मिशन के तहत बनी पानी की टंकी के धराशायी होने के बाद सूबे की सियासत गरमा गई है। जैतपुर ब्लॉक के नगाराडांग गांव में 65 लाख की लागत से बनी टंकी, टेस्टिंग के महज 24 घंटे के भीतर ही दरक गई। इस घटना ने जहाँ निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठाए हैं, वहीं समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने इसे ‘भाजपा का भ्रष्टाचार’ करार देते हुए सरकार की घेरेबंदी की है।

अखिलेश यादव का हमला: “जलापूर्ति की जगह धनापूर्ति हो रही”

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (X) पर तंज कसते हुए लिखा, “महोबा में भाजपा के भ्रष्टाचार के बोझ को पानी की टंकी नहीं उठा पाई। यहाँ बुलडोज़र नहीं चलेगा क्योंकि भ्रष्टाचार की पाइप लाइन महोबा से लखनऊ तक बिछी है। यह ‘जल मिशन’ नहीं, ‘कमीशन-मिशन’ है।” उन्होंने तल्ख अंदाज में कहा कि भाजपा के जाने के बाद ही जनता को साफ पानी मिल पाएगा।

65 लाख की टंकी और ग्रामीणों का आक्रोश

ग्राम प्रधान गायत्री के अनुसार, ‘धवर्रा सिजवाहा ग्राम समूह पेयजल योजना’ के तहत कार्यदायी संस्था (SCLSMCJV) ने इस टंकी का निर्माण कराया था। 13 फरवरी को पहली बार पानी भरने के बाद 14 फरवरी की शाम को ही इसमें बड़ी दरारें आ गईं, जिससे हजारों लीटर पानी बहकर बर्बाद हो गया। खुद भाजपा विधायक बृजभूषण राजपूत ने भी घटना पर दुख जताते हुए कहा कि वे भ्रष्टाचार के खिलाफ अपनी ही सरकार में संघर्ष कर रहे हैं और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।

प्रशासनिक सफाई: ‘जल्द दुरुस्त होगी खामी’

मामला तूल पकड़ने के बाद एडीएम नमामि गंगे मोइनुल इस्लाम ने कहा कि मौके पर टीम भेज दी गई है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जो भी तकनीकी खामियां आई हैं, उन्हें जल्द दुरुस्त कर जलापूर्ति सुचारू की जाएगी। हालांकि, ग्रामीण और विपक्ष इस घटना को करोड़ों के सरकारी धन का खुला दुरुपयोग मान रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *