शोभायात्रा में विशेष आकर्षण का केंद्र रही श्रीराम मंदिर झांकी, झूलेलाल शोभायात्रा में शामिल हुई साढ़े तीन दर्जन झांकियां
हाथीघाट पर ज्योति विसर्जन के दौरान दिखा भक्तों में उत्साह, बाजार कमेटियों ने जगह-जगह किया शोभायात्रा का स्वागत
आगरा, 9 अप्रैल। आज मंगलवार का दिन बेहद शुभ है। एक तो आज से चैत्र नवरात्र शुरू हो गए हैं, दूसरी तरफ वरुणावतार भगवान झूलेलाल की जयंती भी आज ही है। झूलेलाल जयंती पर शहर भर में भारी उत्साह दिखाई दिया। समूचा शहर माता की भक्ति और उल्लास के साथ ही झूलेलालमय दिखाई दिया। सायंकाल शहर भर में जगह-जगह से भगवान झूलेलाल की झांकियां निकलीं। प्रमुख शोभायात्रा घटिया से शुरु हुई तो भगवान झूलेलाल के जयघोष देर तक फिजाओं में तैरते रहे। शोभायात्रा का शुभारंभ कार्यक्रम घटिया स्थित हरियाली वाटिका पर किया गया। शुभारंभ पीर डॉ. शंकरनाथ योगी और राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के विभाग प्रचारक आनंद जी के कर-कमलों से संपन्न हुआ। खास अतिथियों में केंद्रीय राज्यमंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल, उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, महिला व बाल श्रम मंत्री श्रीमती बेबीरानी मौर्य, मेयर हेमलता दिवाकर, सांसद राजकुमार चाहर, सांसद नवीन जैन, विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, भाजपा के महानगर अध्यक्ष भानु महाजन आदि को आमंत्रित किया गया था। झूलेलाल जयंती के मौके पर मुख्य शोभायात्रा में करीब साढ़े तीन दर्जन झांकियां शामिल थीं। झांकियों की अद्भुत छटां देखते ही बन रही थी। एक दर्जन से अधिक डीजे पार्टियां और कई बैंड शोभायात्रा में शामिल हुए।
घटिया से शुरू होकर शोभायात्रा जिन-जिन रास्तों से गुजरी, भगवान की भक्ति में वह क्षेत्र डूब गया। शोभायात्रा का जगह-जगह पुष्प वर्षा के साथ स्वागत किया गया। शोभायात्रा में पहली बार अयोध्या के श्रीराम मंदिर की झांकी शामिल की गई जो आस्था का प्रमुख केंद्र बन रही थी।सिंधी सेंट्रल पंचायत के अध्यक्ष चंद्र प्रकाश सोनी और अन्य पदाधिकारियों ने घटिया पर विभिन्न क्षेत्रों से आईं मोहल्ला पंचायतों की झांकियों का स्वागत किया। मीडिया प्रभारी मेघराज दियालानी नेबताया कि शोभायात्रा में साढ़े तीन दर्जन झांकियां शामिल हुईं। बाजार कमेटियों की तरफ से मंच लगाकर पुष्प वर्षा और भंडारे के कार्यक्रम आयोजित किए गए थे। श्रीराम मंदिर की झांकी विशेष आकर्षण रही। इसके अलावा माता हिंगलाज, सांई टेहूराम, स्वामी लीलाशाह महाराज की झांकियां भी खास रहीं। भगवान झूलेलाल शोभायात्रा में घोड़े पर सवार दिखाई देंगे। इसके अलावा शिव परिवार, गणेशजी, खाटू श्यामजी, जगन्नाथ, महाकाल, भारत माता आदि की झांकियां शामिल हुईं। चार खास मंडलियां शोभायात्रा में भजन-कीर्तन करते हुए चल रही थीं।
शोभायात्रा घटिया से शुरू होकर गुड़ की मंडी, सिंधी बाजार, फौव्वारा, किनारी बाजार, जौहरी बाजार, चिम्मन चौराहा होते हुए दरेसी एक, दो और तीन होते हुए हाथीघाट पर ज्योति विसर्जन के लिए पहुंची। शोभायात्रा के साथ सिंधी सेंट्रल पंचायत के अध्यक्ष चंद्र प्रकाश सोनी, घनश्यामदास देवनानी, गागन दास रामानी, परमानंद आतवानी, जयरामदास होतचंदानी,सूर्य प्रकाश, मेघराज दियालानी, सुशील नौतनानी, श्यामलाल रंगनानी, नंद लाल आयलानी प्रकाश केसवानी, किशोर बुधरानी, राज कोठारी,जगदीश डोडानी, राजू खेमानी, अशोक पारवानी, भजनलाल प्रधान, अमृत मखीजा, जय प्रकाश केशवानी, नरेश देवनानी,राज कुमार गुरनानी,अशोक गोकनी दीपक आतवानी, राजीव नागरानी, दर्शन थवानी, अशोक चावला उमेश पेरवानी, जतिन लालवानी, रोहित आयलानी,कमल जूमानी, मोंटू करीरा, कन्हैया सोनी, लाल एम सोनी, जितेंद्र पमनानी,आदि जयंती की बधाइयां देते हुए चल रहे थे।
शोभायात्रा के गुÞड़ की मंडी पहुंचने पर भारतीय सिंधु सभा की तरफ से भव्य स्वागत कार्यक्रम रखा गया। पदाधिकारियों को शॉल ओड़ाकर और फूल मालाएं पहनाकर स्वागत किया गया। यह कार्यक्रम अध्यक्ष अमृत मखीजा, नरेश देवनानी, किशोर बुधरानी, मेघराज दियालानी, राजकुमार गुरनानी, सुमित मधवानी, रोहित आयलानी, मुकेश संभानी, हरेश पंजवानी आदि स्वागत करने वालों में प्रमुख थे।
महिलाओं की रही खास भागीदारी
झूलेलाल जयंती शोभायात्रा केमौकेपर समाज की महिलाओं का खासा योगदान रहा। वे भी शोभायात्रा में शामिल हुईं। भजनों पर थिरकती महिलाएं और बच्चों में गजब का भक्तिभाव दिखाई दिया। शोभायात्रा में शामिल अंजू दियालानी, मधु मखीजा, शोभा सोनी, रश्मी बुधरानी, भाविका दियालानी आदि ने बताया कि उन्हें आयोजन में शामिल होकर अपार खुशी हो रही है। यह महिलाएं अपने-अपने दलों के साथ शोभायात्रा में शिरकत करने पहुंची थीं।
बुजुर्गों की याद में बनाए गए स्वागत द्वार
झूलेलाल जयंती शोभायात्रा के दौरान बाजारों में विशेष सजावट की गई। कई जगह स्वागत द्वार बनाए गए। समाज से स्वर्गीय महापुरुषों के नाम पर भी स्वागत द्वार बनें। इनके जरिए स्व. हकीम अर्जुन दास, स्व. लालचंद्र सोनी, स्व. तीरथदास बसंतानी आदि को नमन किया गया।
दरेसी पर आतिशबाजी से हुआ स्वागत
भगवान झूलेलाल शोभायात्रा के दरेसी पहुंचने पर यहां भव्य आतिशबाजी से इसका स्वागत किया गया। विभिन्न मार्गों से होते हुए शोभायात्रा के हाथीघाट पर प्रस्थान के दौरान दरेसी स्थित होटल लाल्स-इन पर स्वागत और भंडारे का आयोजन किया गया था। सिंधी सेंट्रल पंचायत के अध्यक्ष चंद्र प्रकाश सोनी ने बताया कि आतिशबाजी के लिए विशेष तौर पर टीम बुलाई गई थी। आतिशी नजारा सभी के आकर्षण का केंद्र रहा।