आमजनमानस अपने राशनकार्ड नम्बर तथा राशनकार्ड से लिंक्ड मोबाइल नम्बर के माध्यम से लॉगिन कर आधार, आधारित ओ०टी०पी० वेरिफिकेशन के पश्चात् कर सकेंगे आवेदन।
प्राप्त आवेदनों को सक्षम प्राधिकारियों द्वारा 15 दिवस के भीतर किया जायेगा निस्तारित।
आगरा.12.12.2025/जिला पूर्ति अधिकारी ने जनपद के समस्त राशन कार्डधारकों को सूचित करते हुए अवगत कराया है कि आयुक्त, खाद्य तथा रसद विभाग, उ०प्र० जवाहर भवन, लखनऊ के कार्यालय पत्र दिनांक 10 दिसम्बर, 2025 में उल्लेख किया गया है कि खाद्य रसद विभाग, उ०प्र० द्वारा विभागीय वेबसाइट के पब्लिक डोमेन पर आमजनमानस हेतु राशनकार्ड से सम्बन्धित विभिन्न सेवाएँ यथा-राशनकार्ड विभाजन हेतु आवेदन यूनिट स्थानान्तरण हेतु आवेदन, राशनकार्ड स्थानान्तरण हेतु आवेदन, राशनकार्ड समर्पण हेतु आवेदन, यूनिट निरस्तीकरण हेतु आवेदन तथा मृत्यु की दशा में राशनकार्ड की मुखिया परिवर्तन हेतु आवेदन उपलब्ध करायी गयी है, जिनके माध्यम से आवेदक अपने राशनकार्ड से सम्बन्धित इन सेवाओं हेतु अपने राशनकार्ड नम्बर तथा राशनकार्ड से लिंक्ड मोबाइल नम्बर के माध्यम से लॉगिन कर आधार आधारित ओ०टी०पी० वेरिफिकेशन के पश्चात् आवेदन कर सकेंगे।
उन्होंने आगे यह भी अवगत कराया है कि इन सुविधाओं हेतु अब राशनकार्ड धारकों को अनावश्यक आपूर्ति कार्यालयों के चक्कर नही काटने पड़ेगें। आवेदक उपरोक्त सुविधाओं हेतु स्वयं आवेदन कर सकेंगें तथा इनके आवेदन सक्षम प्राधिकारियों की लॉगिन्स पर स्वतः प्रदर्शित हो जायेगे तथा सक्षम प्राधिकारियों द्वारा नियमानुसार प्राप्त आवेदनों को 15 दिवस के भीतर निस्तारित किया जायेगा।


