नितिन नवीन बने भाजपा के नए सारथी: पीएम मोदी ने याद दिलाया शून्य से शिखर का सफर, कहा- “वोट बैंक के लिए घुसपैठियों को पाल रही कांग्रेस”

Exclusive

नई दिल्ली। भाजपा के नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की ‘ताजपोशी’ के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। अपने संबोधन में पीएम मोदी ने कांग्रेस पर नॉर्थ ईस्ट की अनदेखी करने और घुसपैठियों को संरक्षण देने का आरोप लगाया। उन्होंने गांधी परिवार पर भी हमला बोलते हुए कहा कि “यह परिवार लोकतंत्र के लिए खतरा है।”

घुसपैठ देश की सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा: पीएम

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज देश के सामने घुसपैठ एक बड़ी चुनौती बन चुकी है। दुनिया के कई मजबूत देश भी घुसपैठियों की जांच कर उन्हें बाहर निकाल रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारत भी घुसपैठियों को गरीबों और युवाओं के अधिकार लूटने नहीं दे सकता। पीएम ने जोर देते हुए कहा कि घुसपैठियों की पहचान कर उन्हें उनके देश वापस भेजना जरूरी है। साथ ही उन्होंने ऐसे राजनीतिक दलों पर भी निशाना साधा जो वोट बैंक की राजनीति के तहत घुसपैठियों को बचाने का प्रयास कर रहे हैं।

कांग्रेस 100 सीटों के लिए तरस रही: पीएम मोदी

कांग्रेस पर तंज कसते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि 1984 में कांग्रेस को 400 से अधिक सीटें मिली थीं और लगभग 50 प्रतिशत वोट मिला था, लेकिन आज कांग्रेस 100 सीटों के लिए भी तरस रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपने पतन की समीक्षा तक नहीं करती।

गांधी परिवार पर साधा निशाना

पीएम मोदी ने इशारों में गांधी परिवार पर हमला करते हुए कहा कि कांग्रेस के पतन के पीछे वही परिवार है जिसने पार्टी पर कब्जा कर रखा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता असली कारणों तक जाने की हिम्मत खो चुके हैं और सिर्फ बहाने तलाशते रहते हैं।

आदिवासी समाज को लेकर भाजपा का विजन बताया

प्रधानमंत्री ने कहा कि दशकों तक आदिवासी समाज को सिर्फ वोट बैंक समझा गया, लेकिन भाजपा ने सबसे पिछड़ी जनजातियों की पीड़ा को समझते हुए उनके विकास के लिए पीएम-जनमन योजना बनाई।

भाजपा संगठन पर्व की तारीफ

पीएम मोदी ने भाजपा के संगठनात्मक चुनाव को लोकतांत्रिक प्रक्रिया बताते हुए कहा कि यह आयोजन पार्टी की लोकतांत्रिक आस्था, अनुशासन और कार्यकर्ता केंद्रित सोच का प्रतीक है।

उन्होंने भाजपा के वरिष्ठ नेताओं अटल बिहारी वाजपेयी, लालकृष्ण आडवाणी और मुरली मनोहर जोशी का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में भाजपा ने शून्य से शिखर तक का सफर तय किया। साथ ही वेंकैया नायडू, नितिन गडकरी, राजनाथ सिंह, अमित शाह और जेपी नड्डा के योगदान को भी रेखांकित किया।

प्रधानमंत्री ने कहा कि भाजपा आज पंचायत से लेकर संसद तक मजबूत हुई है और लगातार तीसरी बार केंद्र में सरकार बनाने में सफल रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *