तीसरे स्थान के लिए सुख जीवन स्पोर्ट्स एकेडमी एवं मेग वरन अकादमी के बीच में खेला जाएगा
आगरा। नवल टाटा अकादमी जमशेदपुर और साई लखनऊ ने ऑल इंडिया साहिबजादा बाबा जोरावर सिंह-बाबा फतेह सिंह स्मृति अंडर-19 प्राइजमनी गोल्ड कप हॉकी टूर्नामेंट के फाइनल में जगह बना ली है। बुधवार को खेले गए सेमीफाइनल मैचों में नवल टाटा अकादमी ने सुखजीवन स्पोर्ट्स अकादमी को पेनल्टी शूटआउट में 4-1 से और दूसरे सेमीफाइनल में साई लखनऊ ने मेघवरन हॉकी गाजीपुर को एकतरफा मुकाबले में 6-1 से हरा फाइनल में प्रवेश किया।
सुखजीवन स्पोर्ट्स अकादमी व आगरा हॉकी मास्टर्स के संयुक्त तत्वावधान में एकलव्य स्टेडियम में खेले जा रहे टूर्नामेंट में चौथे दिन दोनों सेमीफाइनल मुकाबले खेले गए। पहले सेमीफाइनल में नवल टाटा अकादमी और सुखजीवन अकादमी आमने-सामने थे। मैच में दोनों टीमों ने गोल करने में कोई कसर नहीं छोड़ी। पहला गोल सुखजीवन अकादमी के साहिल ने किया और अपनी टीम को 1-0 से बढ़त दिला दी। दूसरे हाफ में नवल टाटा अकादमी के मोहित नायक ने बराबरी का गोल दागकर स्कोर 1-1 कर दिया। निर्धारित समय में दोनों टीम और गोल नहीं कर सकी। मैच का फैसला पेनल्टी शूटआउट में हुआ। इसमें नवल टाटा अकादमी ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए तीन गोल कर अपनी टीम को 4-1 से जीत दिला फाइनल का टिकट कटाया। सुखजीवन अकादमी के गोलकीपर कुनाल तेवतिया मैन ऑफ द मैच बने। इससे पहले मैच का शुभारंभ इनरव्हील क्लब ऑफ इंडिया की सचिव नीलू धाकरे ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त करके किया।
दूसरे मैच में साई लखनऊ ने दर्ज की आसान जीत
दूसरे सेमीफाइनल में साई लखनऊ व मेघवरन हॉकी गाजीपुर के बीच मुकाबला खेला गया। मैच की शुरुआत से ही साई लखनऊ ने मैच पर अपनी पकड़ बना ली और दोनों हाफ में लगातार गोल करते हुए अपनी टीम को 6-1 से जीत दिला फाइनल में प्रवेश किया। विजेता टीम के लिए आकाश पाल व रितेश पांडे ने 2-2, तुषार शर्मा व शिवम पटेल ने 1-1 गोल व मेघवरन हॉकी गाजीपुर के रंजीत चौहान ने 1 गोल किया। मैन ऑफ द मैच मेघवरन हॉकी गाजीपुर के सौरव यादव को चुना गया। मैचों के दौरान आयोजन सचिव राजीव सोई, अमिताभ गौतम, केपी सिंह यादव, अजय कुमार आदि मौजूद रहे। निर्णायक अमित गुप्ता, ब्रजेश कुशवाह, जावेद खान, धर्मेश, प्रशांत शुक्ल और मधु रहे।


सुखजीवन स्पोर्ट्स अकादमी के राहुल तेवतिया एवं मन मलिक जूनियर इंडिया हॉकी टीम के लिए चयनित, बधाई
दो खिलाड़ी सुखजीवन स्पोर्ट्स अकादमी के जूनियर इंडिया हॉकी टीम के लिए चयनित हुए हैं जिनका नाम राहुल तेवतिया एवं मन मलिक का चयन होने पर अकादमी की ओर से बहुत बहुत बधाई और शुभकामनाएं । साथ ही इनरव्हील क्लब ऑफ इंडिया की सचिव नीलू धाकरे ने भी दोनों खिलाड़ियों को चयन पर बधाई दी।


