गृहकर बकायेदारों पर नगर निगम की सख्ती, संजय प्लेस जूता-कपड़ा मार्केट की 9 दुकानों पर सील

Press Release उत्तर प्रदेश

—– नोटिस और कुर्की वारंट के बाद भी नहीं जमा किया टैक्स, 10.26 लाख रुपये का गृहकर बकाया है इन पर

आगरा। नगर निगम प्रशासन ने गृहकर बकायेदारों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए संजय प्लेस स्थित जूता और कपड़ा मार्केट में बड़ी कार्रवाई की। राजस्व लक्ष्य को पूरा करने के लिए निगम द्वारा लगातार सीलिंग और खाता सीज की कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में राजस्व टीम ने अभियान चलाकर नौ कारोबारियों की दुकानों को सील कर दिया।
सहायक नगरआयुक्त और कर निर्धारण अधिकारी श्रद्धा पांडेय के अनुसार इन दुकानों पर कुल 10,26,821 रुपये का गृहकर बकाया चल रहा था। संबंधित व्यापारियों को पूर्व में कई बार नोटिस दिए गए थे और कुर्की वारंट भी जारी किए गए थे, लेकिन इसके बावजूद बकाया राशि जमा नहीं कराई गई। इसके बाद निगम ने सख्त कदम उठाते हुए दुकानों को सील करने की कार्रवाई की।
कार्रवाई जोनल अधिकारी हरीपर्वत हरीपर्वत और कर निर्धारण अधिकारी अक्षय कुमार के नेतृत्व में की गई। टीम के मौके पर पहुंचते ही बकायेदारों में अफरातफरी मच गई और कई व्यापारियों ने मौके पर ही बकाया राशि जमा कराने के लिए निगम अधिकारियों से समय मांगा।

नगर निगम द्वारा सील की गई दुकानों में प्रमुख रूप से सीताराम, जे के मार्केटिंग,राम गोपाल, जवाहरलाल, सुन्दर दास, रिवोल्यूशन क्लासेज,मैक्सम शू फैक्ट्री, राजीव कटरा और मनमोहन भसीन के प्रतिष्ठान हैं । इन नौ दुकानों पर 10,26,821 रुपये का बकाया होने के कारण यह कदम उठाया गया। इनमें भी मनमोहन भसीन पर सर्वाधिक 108996 रुपये का गृहकर बकाया है।
निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जिन दुकानदारों द्वारा शीघ्र बकाया जमा नहीं कराया जाएगा, उनके खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

वर्जन ——

नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल का कहना है कि नगर निगम का वार्षिक राजस्व लक्ष्य पूरा करना प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि जिन बकायेदारों को बार-बार नोटिस देने के बावजूद कर जमा नहीं कराया जा रहा है, उनके खिलाफ सीलिंग, कुर्की और बैंक खाते सीज करने जैसी कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। उन्होंने सभी करदाताओं से अपील की है कि समय रहते अपना बकाया गृहकर जमा कराएं ताकि किसी प्रकार की दंडात्मक कार्रवाई से बचा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *