आगरा। नगर निगम प्रशासन ने गृहकर वसूली को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की है। कार्रवाई के तहत सात बड़े बकायेदारों की संपत्तियों को सील कर दिया गया। इन सभी संपत्तियों पर लाखों रुपये का गृहकर बकाया था। निगम की ओर से पूर्व में कई बार नोटिस और वारंट जारी किए जाने के बावजूद संबंधित बकायेदारों द्वारा गृहकर जमा नहीं कराया जा रहा था।
जोनल अधिकारी अवधेश कुमार के नेतृत्व में कर अधीक्षक अक्षय कुमार एवं कर निरीक्षकों की टीम ने प्रवर्तन दल के साथ संयुक्त रूप से यह कार्रवाई की। सील की गई संपत्तियों पर 8 लाख 67 हजार 446 रुपये गृहकर के रूप में बकाया है।
नगर निगम प्रशासन द्वारा जिन बकायेदारों की संपत्तियों पर सील लगाई गई है, उनमें चंद्र कौर गिल पर 1,01,103 रुपये, अनवर पर 1,00,931 रुपये, सुभाष चंद्र गुप्ता पर 70,572 रुपये, मोहम्मद हुसैन पर 1,36,288 रुपये, श्रीचंद पर 1,42,270 रुपये, मरियम बेगम पर 1,05,367 रुपये तथा हरमिंदर कौर पर 1,49,074 रुपये का गृहकर बकाया है।
इस संबंध में सहायक नगर आयुक्त एवं प्रभारी कर श्रद्धा पांडेय ने बताया कि नगर आयुक्त के निर्देश पर बड़े बकायेदारों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिस जोन में निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कर वसूली नहीं होगी, वहां के राजस्व कर्मियों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी। कर वसूली की प्रतिदिन समीक्षा की जा रही है और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
नगर निगम प्रशासन द्वारा वर्तमान वित्तीय वर्ष में 125 करोड़ रुपये राजस्व वसूली का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए सभी राजस्व कर्मियों को अलग-अलग लक्ष्य सौंपे गए हैं और नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है।
——नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल का वर्जन:
नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल ने कहा कि नगर निगम की आय शहर के विकास और जनसुविधाओं के लिए अत्यंत आवश्यक है। बकायेदारों को किसी भी सूरत में राहत नहीं दी जाएगी। गृहकर जमा न करने वालों के खिलाफ सीलिंग सहित सभी वैधानिक कार्रवाइयां जारी रहेंगी। सभी करदाताओं से अपील है कि समय पर गृहकर जमा कर नगर के विकास में सहयोग करें।


