आगरा। आगरा में आयोजित होने वाली प्रस्तावित आगरा कार रैली को नगर निगम के स्वच्छता अभियान से जोड़ने का निर्णय लिया गया है। यह रैली न केवल मोटरस्पोर्ट के शौकीनों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगी, बल्कि शहरवासियों को स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी देगी।
शुक्रवार को मोटरस्पोर्ट क्लब के प्रतिनिधिमंडल ने नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल से भेंट कर रैली की तैयारियों, प्रस्तावित रूट, आयोजन की रूपरेखा एवं यात्रा से जुड़ी विस्तृत जानकारी साझा की। इस दौरान रैली की टीएसडी (टाइम-स्पीड-डिस्टेंस) अवधारणा के बारे में भी नगर आयुक्त को अवगत कराया गया।
नगर आयुक्त ने रैली के आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन शहर की सकारात्मक छवि को मजबूत करते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि आगरा कार रैली को नगर निगम के स्वच्छता अभियान से जोड़ा जाएगा और इसे पूरी तरह प्लास्टिक-फ्री इवेंट के रूप में आयोजित किया जाएगा, ताकि पर्यावरण संरक्षण का सशक्त संदेश आमजन तक पहुंच सके।
उन्होंने बताया कि रैली के दौरान नगर निगम की टीम भी सक्रिय भागीदारी करेगी। इस अवसर पर शहर की सफाई व्यवस्था, कचरा प्रबंधन और अन्य नगर सेवाओं में प्रयुक्त विशेष वाहनों का प्रदर्शन भी किया जाएगा, जिससे नागरिकों को नगर निगम द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी मिल सके।
बैठक के दौरान नगर आयुक्त द्वारा आगरा कार रैली के आधिकारिक पोस्टर का विमोचन भी किया गया। कार्यक्रम में मोटरस्पोर्ट क्लब की ओर से प्रशांत जैन, अमित मित्तल, रचित अग्रवाल, हेमंत जैन, अर्पित अग्रवाल एवं अंकित अग्रवाल उपस्थित रहे।
नगर निगम एवं मोटरस्पोर्ट क्लब के संयुक्त प्रयास से आयोजित यह रैली स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और खेल भावना का अनूठा संगम साबित होगी।


