—- सड़क घेरकर किए कब्जे ध्वस्त, दुकानदारों से वसूला हजारों रुपये जुर्माना
आगरा। सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण, सड़क पर गंदगी फैलाने और प्रतिबंधित पॉलीथिन के इस्तेमाल के खिलाफ नगर निगम प्रशासन ने अभियान चलाकर कार्रवाई की। अभियान के दौरान नगर निगम की टीम ने कई स्थानों पर सड़क और सार्वजनिक भूमि को घेरकर किए गए अतिक्रमण को जेसीबी की मदद से ध्वस्त कराया। वहीं, सड़क पर कबाड़ फैलाने और प्रतिबंधित प्लास्टिक की थैलियों का इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ जुर्माना भी लगाया गया।
कार्रवाई के तहत गोबर चौकी, ताजगंज क्षेत्र में सड़क पर कबाड़ फैलाकर सार्वजनिक स्थान को बाधित करने के मामले में करीम चंद कबाड़ी के खिलाफ कार्रवाई की गई। टीम ने मौके पर चार हजार रुपये का जुर्माना वसूल किया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक सड़क और स्थान पर कबाड़ या अन्य सामान फैलाकर आवागमन बाधित करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।
इसी दौरान प्रतिबंधित पॉलीथिन और प्लास्टिक की थैलियों का इस्तेमाल करने वाले दुकानदार भी नगर निगम की टीम के निशाने पर रहे। टीम ने विभिन्न दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल साढ़े चार हजार रुपये का जुर्माना वसूला। दुकानदारों को प्रतिबंधित पॉलीथिन का इस्तेमाल नहीं करने और ग्राहकों को भी इसके विकल्प अपनाने के लिए जागरूक किया गया।
—– सौ फुटा रोड पर पक्की बाउंड्री और लोहे की जाली हटाई
अतिक्रमण के खिलाफ चलाए गए अभियान में विजय नगर के पास स्थित स्पोर्ट्स बुज फैक्ट्री और विनायक अपार्टमेंट द्वारा सौ फुटा रोड पर पक्की बाउंड्री वॉल और लोहे की जाली लगाकर किए गए अतिक्रमण को भी हटाया गया। नगर निगम की टीम जेसीबी लेकर मौके पर पहुंची और अतिक्रमण को ध्वस्त कर सड़क का रास्ता साफ कराया।
अधिकारियों के अनुसार, सार्वजनिक सड़क की भूमि पर स्थायी निर्माण कर रास्ते को घेरना नियमों के विरुद्ध है। इसी के चलते जेसीबी से पक्की बाउंड्री और लोहे की जाली को हटाया गया।
—- कई इलाकों में सड़क घेरकर किए कब्जे ढहाए
अभियान का असर शहर के अन्य इलाकों में भी दिखाई दिया। भावना स्टेट के पास नीरव कुंज में सड़क घेरकर किए गए अतिक्रमण को नगर निगम की टीम ने ध्वस्त कराया। इसके अलावा दयालबाग के कृष्णा बाग और कमला नगर के मीनाक्षी पुरम में भी सड़क पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की गई।
इन स्थानों पर सड़क और सार्वजनिक स्थान को घेरकर किए गए कब्जे हटाए जाने के बाद आवागमन के लिए जगह खाली कराई गई। नगर निगम प्रशासन ने अतिक्रमणकारियों को चेतावनी दी कि दोबारा सार्वजनिक भूमि या सड़क पर कब्जा करने की कोशिश की गई तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
नगर निगम प्रशासन की इस कार्रवाई से अतिक्रमण करने वालों में खलबली मची रही। अधिकारियों का कहना है कि शहर में सार्वजनिक स्थानों को अतिक्रमण और गंदगी से मुक्त कराने के साथ प्रतिबंधित पॉलीथिन के इस्तेमाल पर रोक लगाने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।


