अवैध होर्डिंग्स पर नगर निगम का चाबुक, ईंट मंडी से बाबू जी चौक तक चला अभियान

Press Release उत्तर प्रदेश

आगरा। शहर में अवैध होर्डिंग, झंडे और बैनर के खिलाफ नगर निगम प्रशासन ने सोमवार को सख्त अभियान चलाया। यह कार्रवाई ईंट मंडी चौराहे से शुरू होकर पश्चिम पुरी पुलिस चौकी होते हुए बाबू जी चौक तक की गई। अभियान के दौरान सड़क के दोनों ओर लगे दर्जनों अवैध होर्डिंग, बैनर और झंडों को हटाकर जब्त कर लिया गया।
नगर निगम की इस कार्रवाई से क्षेत्र में कारोबारियों और दुकानदारों में हड़कंप मच गया। कई स्थानों पर लोगों ने जल्दबाजी में अपने बैनर और पोस्टर खुद ही हटाने शुरू कर दिए। निगम टीम ने स्पष्ट किया कि शहर की सुंदरता और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
अभियान का नेतृत्व राजस्व निरीक्षक (आरआई) शिप्रा गुप्ता द्वारा किया गया। उनके निर्देशन में टीम ने सख्ती के साथ कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से लगाए गए प्रचार सामग्री को हटाया। इस दौरान संबंधित लोगों को कड़ी चेतावनी भी दी गई कि भविष्य में बिना अनुमति के होर्डिंग, बैनर या झंडे लगाए गए तो उनके खिलाफ जुर्माना और विधिक कार्रवाई की जाएगी।
नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि सार्वजनिक स्थलों पर अनधिकृत होर्डिंग्स न केवल शहर की सुंदरता को प्रभावित करते हैं, बल्कि कई बार यातायात में बाधा और दुर्घटनाओं का कारण भी बनते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए यह अभियान चलाया जा रहा है और आगे भी अन्य क्षेत्रों में इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *