हीट वेव एक्शन प्लान के तहत नगर निगम की बड़ी पहल

Press Release उत्तर प्रदेश

– पशु-पक्षियों के लिए शहरभर में लगाए जा रहे जल कुंड

– नगर आयुक्त ने की नागरिकों से भागीदारी की अपील

आगरा। गर्मी के दिनों में लगातार बढ़ रहे तापमान और लू की तीव्रता को देखते हुए नगर निगम ने हीट वेव एक्शन प्लान के अंतर्गत एक मानवीय और संवेदनशील कदम उठाया है। इस पहल के तहत शहरभर में पशु-पक्षियों के लिए जल कुंड (पानी के बर्तन) स्थापित किए जा रहे हैं, ताकि इन मूक जीवों को गर्मी में पीने के लिए स्वच्छ और ठंडा पानी उपलब्ध हो सके।

—–स्वयंसेवी संस्थाओं का सहयोग, नागरिकों से भागीदारी की अपील—-

नगर निगम द्वारा यह कार्य स्वयंसेवी संस्थाओं के सहयोग से किया जा रहा है। इन जल कुंडों को ऐसे पशु-प्रेमियों और स्थानीय नागरिकों को सौंपा जा रहा है, जो रोज़ाना इन बर्तनों में पानी भरने और नियमित सफाई की जिम्मेदारी उठाने के लिए तैयार हैं।
नगर निगम के पशु कल्याण अधिकारी डॉ. अजय सिंह ने इस पहल को लेकर कहा कि हर साल गर्मी के मौसम में बड़ी संख्या में पशु और पक्षी पानी की कमी के कारण दम तोड़ देते हैं। यह अभियान न केवल उनके लिए राहत है, बल्कि समाज की नैतिक जिम्मेदारी का भी प्रतीक है।
हमने प्राथमिकता उन स्थानों को दी है जहां पशु-पक्षियों की आवाजाही अधिक होती है – जैसे मंदिर परिसर, सार्वजनिक पार्क, बाजार क्षेत्र, गोशालाएं और पुराने मोहल्ले। इन क्षेत्रों में जल कुंड स्थापित कर, उनकी देखभाल स्थानीय निवासियों को सौंपी जा रही है। नगर निगम चाहता है कि यह एक मौसमी प्रयास न रह जाए, बल्कि एक स्थायी जन आंदोलन का रूप ले। जीवों के प्रति संवेदनशीलता और करुणा ही किसी सभ्य समाज की असली पहचान होती है।

—कैसे जुड़ें इस अभियान से—-

जो भी नागरिक या संस्थाएं इस सेवा से जुड़ना चाहते हैं, वे नगर निगम आगरा या किसी निकटतम स्वयंसेवी संस्था से संपर्क कर सकते हैं। इच्छुक व्यक्ति को जल कुंड उपलब्ध कराया जाएगा, बशर्ते वे उसकी नियमित देखरेख की जिम्मेदारी लेने को तैयार हों। नगर निगम द्वारा यह भी सुनिश्चित किया गया है कि अभियान की निगरानी नियमित रूप से फील्ड टीमों द्वारा की जाएगी, और आवश्यकतानुसार अतिरिक्त जल कुंड भी लगाए जाएंगे।

वर्जन —-

“हीट वेव एक्शन प्लान के तहत हम न केवल मानव जीवन की सुरक्षा को प्राथमिकता दे रहे हैं, बल्कि मूक जीव-जंतुओं की भी चिंता कर रहे हैं। पशु-पक्षियों के लिए जल कुंड की यह पहल नागरिक सहभागिता पर आधारित है। हर मोहल्ला, गली, चौराहा, मंदिर परिसर और पार्क – सभी जगह जल कुंड उपलब्ध हों, यही हमारा लक्ष्य है ताकि कोई भी पशु या पक्षी प्यासा न रह जाए।”

अंकित खंडेलवाल
नगर आयुक्त
नगर निगम

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *