—-नगर आयुक्त के निर्देश पर लोहा मंडी खतैना रोड से हटाई निर्माण सामग्री
आगरा। सार्वजनिक सड़कों पर अतिक्रमण कर निर्माण सामग्री रखे जाने की शिकायतों को नगर निगम प्रशासन ने गंभीरता से लिया है। लोहा मंडी थाना क्षेत्र अंतर्गत खतैना रोड पर एक ठेकेदार द्वारा सड़क पर भारी मात्रा में निर्माण सामग्री रख दिए जाने से लगातार यातायात बाधित हो रहा था और रोड जाम की स्थिति बनी हुई थी।
इस संबंध में स्थानीय लोगों द्वारा नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल से शिकायत की गई, जिस पर उन्होंने तत्काल संज्ञान लेते हुए अतिक्रमण प्रभारी डॉ. अजय कुमार सिंह को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। नगर आयुक्त के आदेश के अनुपालन में नगर निगम के प्रवर्तन दल ने मौके पर पहुंचकर जेसीबी मशीन की सहायता से सड़क पर रखे गए ईंटों के चट्टों को ध्वस्त कर हटवाया और निर्माण सामग्री को सड़क किनारे कराते हुए यातायात को सुचारु कराया। लोहा मंडी खतैना रोड पर अंकुर शर्मा नामक ठेकेदार द्वारा निर्माण सामग्री को सीधे सड़क पर उतार दिया गया था, जिससे राहगीरों और वाहनों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। कार्रवाई के दौरान प्रवर्तन दल ने ठेकेदार को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि भविष्य में यदि सड़क पर इस प्रकार निर्माण सामग्री रखी गई तो सामग्री को जब्त कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शहर की सड़कों को अतिक्रमण मुक्त रखना प्राथमिकता है और आमजन की सुविधा में बाधा डालने वालों के खिलाफ आगे भी सख़्त कार्रवाई जारी रहेगी। अधिकारियों ने ठेकेदारों से अपील की है कि निर्माण सामग्री निर्धारित स्थान पर ही रखें, अन्यथा कार्रवाई के लिए स्वयं जिम्मेदार होंगे।
