मरीज छोड़कर ईदगाह बस स्टैंड के समीप  सड़क पर बायोवेस्ट फेंक रहे एंबुलेंस चालक से 5 हजार का जुर्माना वसूला

Press Release उत्तर प्रदेश

सार्वजनिक स्थलों पर मेडिकल वेस्ट फेंकने वाली एंबुलेंस नगर निगम के निशाने पर

आगरा। शहर को स्वच्छ और सुरक्षित बनाए रखने के लिए नगर निगम ने सार्वजनिक स्थलों पर मेडिकल वेस्ट फैलाने वाली एंबुलेंस के खिलाफ शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम ने स्पष्ट किया है कि जो भी एंबुलेंस मरीजों को अस्पताल में छोड़ने के बाद वाहन में मौजूद मेडिकल वेस्ट को इधर-उधर फेंकते हुए पाई जाएंगी, उनके विरुद्ध नगर निगम द्वारा लगातार अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इसी क्रम में शुक्रवार को नगर निगम प्रशासन ने ताजगंज जोन में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक एंबुलेंस चालक को रंगे हाथों पकड़ लिया। ईदगाह बस स्टैंड के समीप एंबुलेंस की सफाई के दौरान खुले में बायो-मेडिकल वेस्ट फेंका जा रहा था। नगर निगम की टीम ने मौके पर ही कार्रवाई करते हुए संबंधित एंबुलेंस चालक से पांच हजार रुपये का जुर्माना वसूल किया।
कार्रवाई का नेतृत्व कर रहे जोनल सैनिटेशन ऑफिसर ताजगंज महेंद्र सिंह ने बताया कि यह एंबुलेंस डॉ. सुमित अग्रवाल (कार्डियोलॉजिस्ट), प्रतापपुरा द्वारा संचालित बालाजी सेवा ट्रस्ट, आगरा की थी। मरीज को अस्पताल में छोड़ने के बाद चालक द्वारा नियमों की अनदेखी करते हुए मेडिकल वेस्ट सार्वजनिक स्थल पर फेंका जा रहा था, जो गंभीर लापरवाही और जनस्वास्थ्य के लिए खतरा है।

नगर निगम टीम ने एंबुलेंस चालक को चेतावनी भी दी कि भविष्य में यदि इस प्रकार की लापरवाही दोबारा सामने आई तो नियमानुसार कड़ी विधिक कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई के दौरान एसएफआई नीरेन्द्र कुमार भी मौके पर मौजूद रहे। नगर निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बायो-मेडिकल वेस्ट का निस्तारण केवल निर्धारित नियमों और अधिकृत एजेंसियों के माध्यम से ही किया जाना चाहिए, अन्यथा यह संक्रमण फैलने का बड़ा कारण बन सकता है।

—–नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल का वर्जन:

नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल ने कहा है कि शहर में स्वच्छता और नागरिकों के स्वास्थ्य से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। मेडिकल वेस्ट एक संवेदनशील विषय है और इसके गलत निस्तारण से गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ता है। नगर निगम द्वारा ऐसे मामलों में जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई गई है। आगे भी नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *