अवैध निर्माण रुकवाकर नगर निगम ने जब्त की बालू-सीमेंट व औजार

Press Release उत्तर प्रदेश

—– शिकायत पर हरकत में आया निगम प्रशासन, रजिस्ट्री दिखाये बिना निर्माण करने पर विधिक कार्रवाई की चेतावनी

आगरा। सड़क पर किए जा रहे अवैध निर्माण के खिलाफ नगर निगम प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए निर्माण कार्य को रुकवा दिया और मौके से निर्माण सामग्री जब्त कर ली। नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल को शिकायत मिली थी कि नसीराबाद कॉलोनी मऊ रोड पर सड़क के डेड एंड पर एक व्यक्ति द्वारा अवैध रूप से पक्का निर्माण कराया जा रहा है, जिससे रास्ता प्रभावित होने की आशंका है।
शिकायत मिलने के बाद नगर आयुक्त ने संपत्ति विभाग को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। उनके आदेश पर राजस्व निरीक्षक शालिनी सिंह और वैभव यादव प्रवर्तन दल के साथ मौके पर पहुंचे। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि मोहम्मद हामिद द्वारा सड़क घेरकर पक्का निर्माण कराया जा रहा है। निगम अधिकारियों ने मौके पर मौजूद मोहम्मद हामिद से भूमि से संबंधित रजिस्ट्री और स्वामित्व के कागजात दिखाने को कहा, लेकिन वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इस पर अधिकारियों ने उसे स्पष्ट चेतावनी दी कि जब तक भूमि से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाते, तब तक किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य न कराया जाए। चेतावनी देने के बाद टीम वहां से लौट आई।
निगम अधिकारियों के जाने के बाद उसी स्थान पर दोबारा तेजी से निर्माण कार्य शुरू करा दिया गया। इसकी सूचना मिलते ही निगम की टीम दोबारा मौके पर पहुंची और सख्त कार्रवाई करते हुए निर्माण में प्रयुक्त चंबल, बालू, सीमेंट समेत तसले और फावड़े जैसी सामग्री को जब्त कर लिया । अधिकारियों ने संबंधित व्यक्ति को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि यदि बिना वैध रजिस्ट्री और अनुमति के निर्माण कार्य कराया गया तो नगर निगम द्वारा विधिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही अवैध निर्माण को ध्वस्त करने की कार्रवाई भी की जा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *