—— विधायक की शिकायत पर नगर आयुक्त का एक्शन,फुटपाथों पर बने पक्के निर्माण चिन्हित, दो दिन का अल्टीमेटम
आगरा। शहर में अतिक्रमण के खिलाफ नगर निगम का अभियान तेज होता जा रहा है। इसी क्रम में कमला नगर क्षेत्र में दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम (डीवीवीएनएल) कार्यालय जाने वाले मार्ग पर फुटपाथों पर किए गए पक्के अतिक्रमण को लेकर नगर निगम प्रशासन ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है।
सादाबाद क्षेत्र के विधायक द्वारा नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल को लिखित शिकायत दी गई थी, जिसमें कमला नगर स्थित उक्त मार्ग पर दोनों ओर फुटपाथों पर अवैध रूप से किए गए पक्के निर्माण की जानकारी दी गई। शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया था कि इन अतिक्रमणों के चलते न केवल यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है, बल्कि नालियों की सफाई में भी गंभीर बाधाएं उत्पन्न हो रही हैं।

शिकायत को गंभीरता से लेते हुए नगर निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और फुटपाथों पर बने अवैध पक्के निर्माणों पर लाल निशान लगा दिए। निगम अधिकारियों ने संबंधित अतिक्रमणकारियों को स्वयं अतिक्रमण हटाने के लिए दो दिन का अल्टीमेटम दिया है।
नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय सीमा के भीतर अतिक्रमण नहीं हटाने की स्थिति में निगम द्वारा सख्त कार्रवाई करते हुए ध्वस्तीकरण अभियान चलाया जाएगा और उसका पूरा खर्च भी संबंधित व्यक्तियों से वसूला जाएगा।
निगम की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अतिक्रमण करने वालों में हड़कंप मच गया है। कई लोग खुद ही अपने निर्माण हटाने की तैयारी में जुट गए हैं। स्थानीय निवासियों ने निगम की इस पहल का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि इससे क्षेत्र में यातायात व्यवस्था सुचारू होगी और सफाई व्यवस्था भी बेहतर हो सकेगी। नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि शहर में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और किसी भी प्रकार की लापरवाही या अवैध निर्माण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।


