नगर निगम ने खोला खजाना, हर वार्ड में होगा पचास लाख से विकास

Press Release उत्तर प्रदेश

—- बीते माह 10 अप्रैल को निकाली गईं थीं निविदाएं,12 मई को थी टैंडर खोलने की अंतिम तिथि

—– 50 करोड़ की विकास योजनाओं की निविदाएं खोली गईं

—शहर के बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ बनाने की दिशा में नगर निगम प्रशासन का बड़ा कदम

आगरा। शहर के बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ बनाने की दिशा में नगर निगम ने बड़ा कदम उठाया है। नगर निगम प्रशासन द्वारा सड़क, नाली, पार्कों के विकास और अन्य नागरिक सुविधाओं के निर्माण के लिए कुल 50 करोड़ रुपये की धनराशि खर्च करने की योजना बनाई गई है। इस योजना के तहत शहर के प्रत्येक वार्ड में लगभग 50 लाख रुपये की लागत से विकास कार्य कराए जाएंगे, जिससे स्थानीय स्तर पर बुनियादी समस्याओं का समाधान संभव हो सकेगा। इन कामों के लिए आज टैंडर खोल दिए गए। इसके लिए पिछले माह 10 अप्रैल को निविदाएं निकाली गई थीं।
प्रभारी मुख्य अभियंता अरविंद श्रीवास्तव के अनुसार, नगर निगम द्वारा प्राथमिकता के आधार पर उन क्षेत्रों को चिन्हित किया गया है जहां सड़कें जर्जर हैं, नालियों की स्थिति खराब है या पार्कों का अभाव है। इन सभी कार्यों को एक समग्र योजना के तहत पूरा कराया जाएगा, ताकि शहर के हर वार्ड में समान रूप से विकास कार्य दिखाई दें।
इस योजना के अंतर्गत न केवल नई सड़कों और नालियों का निर्माण होगा, बल्कि पुराने और क्षतिग्रस्त ढांचों का पुनर्निर्माण भी किया जाएगा। साथ ही पार्कों के सौंदर्यीकरण, हरित क्षेत्र बढ़ाने और नागरिक सुविधाओं जैसे प्रकाश व्यवस्था, बैठने की व्यवस्था आदि पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।
नगर निगम का उद्देश्य है कि इन विकास कार्यों के माध्यम से शहरवासियों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं और शहर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाया जा सके।

—नगर आयुक्त का वर्जन:

नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने बताया कि “नगर निगम द्वारा शहर के समग्र विकास के लिए 50 करोड़ रुपये की योजनाएं तैयार की गई हैं। पिछले माह दस अप्रैल को निविदाएं निकाली गई थीं। प्रत्येक वार्ड में समान रूप से विकास कार्य कराए जाएंगे, ताकि किसी भी क्षेत्र की अनदेखी न हो। हमने पारदर्शिता और गुणवत्ता को ध्यान में रखते हुए टेंडर प्रक्रिया शुरू की है। सभी कार्यों को समयसीमा के भीतर पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए हैं, जिससे नागरिकों को जल्द से जल्द सुविधाओं का लाभ मिल सके।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *