आगरा। महान महिला शासक रानी अहिल्याबाई होलकर की 300वीं जयंती के उपलक्ष्य में नगर निगम द्वारा विशेष कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की जा रही है। इसी क्रम में आज नगर निगम के सभी वार्डों में एक सराहनीय पहल करते हुए उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिला सफाई कर्मियों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में ज़ोनल ऑफिसर और सफाई पर्यवेक्षक की उपस्थिति में सफाई व्यवस्था में उत्कृष्ट योगदान देने वाली महिला कर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर उपस्थित अधिकारियों ने इन महिला कर्मियों के समर्पण, मेहनत और अनुशासन की सराहना की और उन्हें समाज की प्रेरणा बताया।कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने कहा कि स्वच्छता अभियान को सफल बनाने में महिला सफाई कर्मियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। वे प्रतिदिन बिना किसी शिकायत के अपने कर्तव्यों का पालन करती हैं और शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने में योगदान देती हैं।नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल ने भी इस अवसर पर संदेश जारी करते हुए कहा कि रानी अहिल्याबाई होलकर जैसी महान महिलाओं की स्मृति में इस प्रकार के कार्यक्रम न केवल उनके योगदान को याद करने का अवसर हैं, बल्कि वर्तमान में कार्यरत महिलाओं को सम्मान देने का एक सशक्त माध्यम भी हैं। इस प्रकार के कार्यकर्मों से उनके कौशल में वृद्धि होगी एवं यह कर्मचारी बेहतर योगदान दे सकेंगे। कार्यक्रम के अंत में सभी सम्मानित महिला सफाई कर्मियों ने अपने अनुभव साझा किए और नगर निगम द्वारा दिए गए इस सम्मान के लिए आभार व्यक्त किया।


