बाजारों की सफाई में नगर निगम को मिले 100 में से 100 अंक

Press Release उत्तर प्रदेश

—–स्वच्छता में ऐतिहासिक कामयाबी: आगरा देश के टॉप टेन स्वच्छ शहरों में शामिल

—-स्वच्छ सर्वेक्षण 2024 में 75 स्थान की छलांग लगाई

 

आगरा। स्वच्छ भारत मिशन के तहत आयोजित स्वच्छ सर्वेक्षण 2024 में आगरा नगर निगम ने इतिहास रचते हुए देश के टॉप 10 सबसे स्वच्छ शहरों में अपनी जगह बना ली है। यह सफलता यूं ही नहीं मिली, इसके पीछे नगर निगम के हजारों कर्मचारियों और अधिकारियों की सतत, योजनाबद्ध और अथक मेहनत रही, जिन्होंने सफाई को मिशन बनाकर दिन-रात मेहनत की।

नगर निगम की ओर से शहर को स्वच्छ और पर्यावरण अनुकूल बनाने के लिए पूरे साल व्यापक अभियान चलाए गए। खासकर बाजार क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था सुधारने और पॉलिथीन पर प्रतिबंध लागू कराने के लिए निगम ने अभूतपूर्व प्रयास किए।

——प्लास्टिक पर सख्ती, कपड़े के थैलों को बढ़ावा—-

नगर निगम ने बाजारों में प्रतिबंधित प्लास्टिक के गिलास और बैग के खिलाफ अभियान चलाकर टनों के हिसाब से पॉलिथीन जब्त की। इसके साथ ही बाजार कमेटियों के पदाधिकारियों को साथ लेकर पालीथीन फ्री बाजार की दिशा में लगातार काम किया गया। स्वयंसेवी संस्थाओं की मदद से कपड़े के थैले बांटे गए जिससे दुकानदारों और ग्राहकों को प्लास्टिक से मुक्त समाधान मिले।

—नुक्कड़ नाटक से लेकर सार्वजनिक आयोजन कर फैलाई जागरूकता—

निगम ने दंडात्मक कार्रवाई के साथ-साथ जन-जागरूकता अभियानों पर भी ज़ोर दिया।नुक्कड़ नाटक, रैली, संगोष्ठी और सार्वजनिक आयोजनों के जरिए दुकानदारों और आम नागरिकों को यह समझाया गया कि सड़क पर कचरा फेंकने के बजाय डस्टबिन का प्रयोग करें। इस व्यवहारिक परिवर्तन का असर साफ दिखाई दिया।

—-बाजारों की सफाई के लिए मिले पूरे अंक—–

नगर निगम की इस रणनीति का परिणाम यह रहा कि बाजार क्षेत्रों की सफाई व्यवस्था में आगरा को 100 में से 100 अंक मिले। यह अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि है और दर्शाता है कि आगरा अब स्वच्छता के मामले में देश के अग्रणी शहरों में गिना जाता है।

—नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल का वर्जन—–

“यह केवल नगर निगम की नहीं, पूरे आगरा शहर की सफलता है। हमारी टीम ने दिन-रात मेहनत की और जनता ने भी भरपूर सहयोग दिया। बाजारों से पॉलिथीन हटाना, सफाई के लिए जनभागीदारी सुनिश्चित करना और आधुनिक सफाई संसाधनों का उपयोग हमारी सफलता की नींव बने। आने वाले वर्षों में हम और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रतिबद्ध हैं।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *