
आगरा। नगर निगम कार्यकरिणी समिति के 13वें अधिवेशन की बैठक आज मंगलवार को कार्यकारिणी हॉल में आयोजित की गई। इस दौरान सदस्यों द्वारा रखे गये आधा दर्जन से अधिक प्रस्तावों पर चर्चा हुई। इससे पूर्व कार्यकाल पूरा कर चुके सदस्यों को महापौर ने माल्यार्पण और शॉल ओढ़ाकर विदाई दी।
बैठक के दौरान रवि बिहारी माथुर के प्रस्ताव कि नगर में सफाई कर्मियों के गैंग किसके अंडर में कहां कार्यरत हैं और गैंग में कितने लोग काम कर रहे हैं की जानकारी सदन को दी जाए । इसको मान लिया गया। असिसमेंट से छूटे हुए मल्टीस्टोरी, आवासीय और कामर्शियल भवनों के असिसमेंट कर की गई वसूली की जानकारी समय से उपलब्ध कराने की मांग से संबंधित प्रस्ताव को भी सर्वसम्मति से पारित कर दिया। उपसभापति हेमलता चौहान ने प्रस्ताव रखते हुए मांग की कि वृक्षारोपण अभियान के दौरान जो पौधे पार्षदों को उपलब्ध कराये जाते हैं उनमें से उचित रखरखाव के अभाव में सत्तर प्रतिशत पौधे मर जाते हैं अतः पौधे देते समय ट्री गार्ड के साथ उपलब्ध कराये जाएं। रोड कटिंग करने संबंधी सूचना पार्षद को नहीं दी जाती है और टोरंट पावर जैसी कंपनियां रोड कटिंग में भी मनमानी करती हैं अतः रोड कटिंग के लिए अनुमति पत्र जारी करते समय क्षेत्रीय पार्षद से भी सहमति पत्र लिया जाए संबंधी प्रस्तावों को पारित कर दिया गया। इसके अलावा उनके प्रस्ताव अमर शहीद झलकारी बाई की शोभायात्रा के लिए दिया जाने वाला अनुदान 75 हजार से बढ़ाकर डेढ़ लाख कर दिया जाए की मांग पर कार्यकारिणी ने उसे 75 हजार से बढ़ाकर एक लाख करने को स्वीकृति प्रदान कर दी। कक्ष संख्या पांच हिमाचल कालोनी में जलकल विभाग द्वारा सीवर लाइन डालने के उपरांत पूरी-पूरी गलियां खोद कर डाल दी गई हैं। बरसात में आम जनमानस को इससे खासी दिक्कतें हो रही हैं पर कार्यकारिणी ने इस संबंध में महाप्रबंधक जलकल को जांचकर जानकारी देने के निर्देश दिये हैं।
इस अवसर पर नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल, अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार, अपर नगर आयुक्त सत्येंद्र कुमार तिवारी,उप नगर आयुक्त डा0 सरिता सिंह, मुख्य नगर स्वास्थ्य अधिकारी डा0 पुष्पलता, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डा0 संजीव वर्मा, सहायक नगर अधिकारी अशोक प्रिय गौतम, मुख्य अभियंता विद्युत एवं यांत्रिक अजय कुमार राम, पशु कल्याण अधिकारी डा0 अजय सिंह आदि के अलावा कार्यकारिणी के सभी सदस्य उपस्थित थे।
—-इन सदस्यों को दी गई विदाई—
कार्यकाल पूरा होने पर उपसभापति हेमलता चौहान,रवि बिहारी माथुर,बद्री प्रसाद माहौर,बनवारीलाल, हरिओम गोयल और गजेंद्र पिप्पल को समारोह पूर्वक मेयर हेमलता दिवाकर कुशवाह ने विदाई दी।
