शहर की स्वच्छता और सुंदरता की दिशा में निगम की पहल, अभियान में सौ कर्मचारी और भारी मशीनें रहेंगी शामिल
आगरा। शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के उद्देश्य से नगर निगम प्रशासन रविवार को कारोबारियों के साथ मिलकर सीएनडी वेस्ट (कंस्ट्रक्शन एंड डिमोलिशन वेस्ट) के खिलाफ संजय प्लेस में विशेष अभियान चलाएगा। इस संबंध में जानकारी देते हुए सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम ने बताया कि निगम लगातार सफाई और अतिक्रमण हटाने जैसी कार्रवाइयों के साथ-साथ निर्माण व ध्वस्तीकरण से उत्पन्न मलबे को हटाने के लिए भी सक्रिय है।
उन्होंने बताया कि रविवार को होने वाले इस अभियान में नगर निगम के सौ से अधिक कर्मचारी भाग लेंगे। अभियान को सफल बनाने के लिए बीस ट्रैक्टर, दस जेसीबी और लोडर भी तैनात किए जाएंगे। अभियान का मुख्य उद्देश्य शहर की सड़कों और सार्वजनिक स्थलों से सीएनडी वेस्ट को हटाकर यातायात और नागरिकों को होने वाली दिक्कतों से राहत दिलाना है। निगम प्रशासन की यह कोशिश है कि शहर को साफ-सुथरा रखने में नागरिक भी अपना योगदान दें और निर्माण कार्य के दौरान मलबे को इधर-उधर फेंकने के बजाय निर्धारित स्थलों पर ही डलवाएं। उन्होंने कारोबारियों और आमजन से अपील की कि इस अभियान को सफल बनाने में सहयोग करें ताकि शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाया जा सके।