सीएम ग्रिड कार्यों में सुस्ती पर नगर आयुक्त एक्शन मोड़ में, ठेकेदारों को नोटिस के निर्देश

Press Release उत्तर प्रदेश

 काम में सुधार नहीं हुआ तो लगेगी भारी पेनाल्टी, अंडरग्राउंड नालों की मशीनों से सफाई कराने के भी बवाग को दिए आदेश

आगरा। नगर निगम की महत्वाकांक्षी सीएम ग्रिड परियोजना के कार्यों में धीमी प्रगति पर नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने कड़ा रुख अपनाते हुए संबंधित ठेकेदारों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि कार्यों की गति में जल्द अपेक्षित सुधार नहीं हुआ तो संबंधित ठेकेदारों पर भारी पेनाल्टी लगाई जाएगी।
गुरुवार को नगर आयुक्त ने अधिकारियों के साथ हरीपर्वत से राजामंडी स्टेशन तथा सुभाष पार्क से मारुति स्टेट तक चल रहे सीएम ग्रिड परियोजना के निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर कार्य निर्धारित गति से न होने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की और संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
नगर आयुक्त ने ठेकेदारों को निर्देशित किया कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं। यदि इसके लिए अतिरिक्त मैनपावर, मशीनरी अथवा अन्य संसाधनों की आवश्यकता हो तो उनकी तत्काल व्यवस्था की जाए। उन्होंने कहा कि परियोजना में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक देरी स्वीकार नहीं की जाएगी।
उन्होंने निर्माण कार्यों के दौरान सुरक्षा मानकों का विशेष रूप से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सभी कार्यस्थलों पर पर्याप्त संख्या में चेतावनी एवं दिशा-निर्देश संबंधी साइन बोर्ड लगाए जाएं, बैरिकेडिंग की समुचित व्यवस्था हो तथा आम जनता और वाहन चालकों को किसी प्रकार की असुविधा न होने पाए। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि निर्माण कार्यों के दौरान यातायात व्यवस्था और नागरिक सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने रवि हॉस्पिटल के नीचे से गुजरने वाले नाले, अजीत नगर गेट पर निर्माणाधीन सोना नगर नाले की पुलिया, सुल्तानगंज तथा अमर सिंह गेट स्थित लाल किला पार्किंग के नीचे से गुजरने वाले अंडरग्राउंड नाले की सफाई का भी निरीक्षण किया। बरसात के मौसम को देखते हुए संबंधित अधिकारियों को जल निकासी व्यवस्था को पूरी तरह दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
नगर आयुक्त ने बवाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि उपरोक्त स्थानों पर अंडर ग्राउंड नालों की मशीनों के माध्यम से युद्धस्तर पर सफाई कराई जाए, ताकि वर्षा के दौरान जलभराव की समस्या उत्पन्न न हो। उन्होंने कहा कि जहां भी सिल्ट, कचरा अथवा अवरोध मिले, उसे तत्काल हटाकर नालों की जल प्रवाह क्षमता को बनाए रखा जाए।
निरीक्षण के दौरान सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव वर्मा, निर्माण विभाग के अभियंता,बवाग के प्रोजेक्ट मैनेजर, क्षेत्रीय जेडएसओ तथा क्वालिटी कंट्रोल टीम के सदस्य भी उपस्थित रहे।

 

नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने कहा है कि “सीएम ग्रिड परियोजना शहर की महत्वपूर्ण विकास योजनाओं में शामिल है। सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं। यदि कार्यों की गति में जल्द अपेक्षित सुधार नहीं हुआ तो संबंधित ठेकेदारों और कार्यदायी संस्थाओं पर भारी पेनाल्टी लगाई जाएगी। निर्माण कार्यों के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन अनिवार्य है और आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। साथ ही बरसात को देखते हुए सभी प्रमुख नालों की मशीनों से नियमित सफाई कराई जाए, ताकि शहर में जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *