
——यमुना को स्वच्छ रखने की मुहिम तेज, घाटों पर प्लास्टिक फेंकने से रोका
आगरा। स्वच्छ सर्वेक्षण के मद्देनज़र नगर निगम द्वारा शहर में स्वच्छता को लेकर लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी क्रम में गुरुवार को नगर निगम के छत्ता जोन अंतर्गत वार्ड संख्या 50 स्थित सीता यमुना घाट पर कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को यमुना और घाटों पर में प्लास्टिक, पालिथिन और पूजा सामग्री न फैंकने की अपील की गई।
नगर निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर घाट पर आने वाले लोगों को यमुना नदी में प्लास्टिक, बोतल, कपड़े, मूर्तियां और अन्य कचरा फेंकने से रोका। टीम ने उपस्थित लोगों को समझाया कि इस प्रकार की गतिविधियां न केवल नदी को प्रदूषित करती हैं, बल्कि मानव जीवन और पर्यावरण के लिए भी गंभीर खतरा उत्पन्न करती हैं।
अभियान के दौरान लोगों को यमुना की स्वच्छता बनाए रखने का संकल्प दिलाया गया और यह संदेश दिया गया कि “यमुना जी का पानी जीवनदायिनी है, इसे गंदा करना हमारे भविष्य के साथ खिलवाड़ है। लोगों से अपील की कि वे धार्मिक आस्था के नाम पर भी कचरा नदी में न डालें और निर्धारित स्थानों पर ही पूजन सामग्री का विसर्जन करें। अधिकारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में भी इस तरह के पॉकेट ट्रिगरिंग अभियान शहर के विभिन्न घाटों और सार्वजनिक स्थलों पर जारी रहेंगे, ताकि आगरा को स्वच्छ और सुंदर बनाया जा सके।


