
नागरिकों ने पार्क के कायाकल्प की मांग पर दिया जल्द कार्रवाई का आश्वासन
आगरा। वार्ड 84 स्थित कावेरी कुंज सोसायटी में स्वच्छता को लेकर सराहनीय पहल देखने को मिली। सोसायटी के नागरिकों के सहयोग से कॉलोनी स्थित पार्क में व्यापक सफाई अभियान चलाया गया। इस अभियान में बड़ी संख्या में सोसायटी के सदस्यों ने भाग लेकर पार्क की सफाई की और स्वच्छ वातावरण का संदेश दिया।
सफाई अभियान के दौरान कॉलोनीवासियों ने पार्क की वर्तमान स्थिति को बेहतर बनाने एवं आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग को लेकर मौके पर उपस्थित सफाई निरीक्षक संजीव कुमार यादव को ज्ञापन दिया गया। इस दौरान पार्षद हरी ओम गोयल भी उपस्थित रहे।
सफाई निरीक्षक ने उसी समय सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम से दूरभाष पर कॉलोनीवासियों की मांगों की जानकारी दी। इस पर सहायक नगर आयुक्त द्वारा नागरिकों को आश्वस्त किया गया कि पार्क के जीर्णोद्धार से संबंधित सभी आवश्यक सुविधाएं एक सप्ताह के भीतर पूर्ण करा दी जाएंगी। नागरिकों ने भविष्य में भी स्वच्छता अभियानों में सक्रिय सहयोग जारी रखने का संकल्प लिया।


