पणजी। गोवा के नाइट क्लब अग्निकांड के मुख्य आरोपी गौरव लूथरा और सौरभ लूथरा घटना के तुरंत बाद देश छोड़कर भाग गए। पुलिस जांच में सामने आया है कि हादसे वाली रात आग लगने के कुछ ही घंटों बाद दोनों आरोपी मुंबई से थाईलैंड के फुकेट के लिए उड़ान भर चुके थे। गोवा पुलिस ने अब उनकी गिरफ्तारी के लिए सीबीआई के माध्यम से इंटरपोल से मदद मांगी है।
आग लगने के बाद कुछ ही घंटों में देश से फरार
सूत्रों के अनुसार, 7 दिसंबर की सुबह करीब 5:30 बजे दोनों आरोपी इंडिगो की फ्लाइट से फुकेट रवाना हुए। यह जानकारी मुंबई इमिग्रेशन से पुलिस को मिली। इससे साफ संकेत मिलता है कि दोनों ने हादसे के बाद पुलिस कार्रवाई से बचने के लिए पहले से योजना बनाई थी।
एफआईआर दर्ज होने के तुरंत बाद गोवा पुलिस की टीमें दिल्ली में उनके संभावित ठिकानों पर पहुंची थीं। छापेमारी के दौरान वे नहीं मिले, जिसके बाद उनके घरों पर कानूनी नोटिस चस्पा किया गया। पुलिस ने 7 दिसंबर की शाम तक लुकआउट सर्कुलर (LOC) भी जारी कर दिया था।
इंटरपोल के जरिए गिरफ्तारी की तैयारी
गोवा पुलिस को संदेह है कि दोनों आरोपी फिलहाल थाईलैंड में छिपे हुए हैं। इसलिए इंटरपोल की सहायता से उन्हें पकड़कर भारत लाने की प्रक्रिया शुरू की गई है। पुलिस ने इस बीच दिल्ली से भारत कोहली को हिरासत में लिया है, जिसे पूछताछ के लिए ट्रांजिट रिमांड पर गोवा लाया जा रहा है।
25 लोगों की मौत के बाद प्रशासन सख्त
इस भीषण अग्निकांड में 25 लोगों की दर्दनाक मौत हुई थी। घटना के बाद स्टेट डिज़ास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी ने गोवा के सभी नाइट क्लब, रेस्टोरेंट, बार और इवेंट वेन्यू को 7 दिनों के भीतर आंतरिक सुरक्षा ऑडिट करने का निर्देश दिया है। इन प्रतिष्ठानों को निरीक्षण के लिए अपनी रिपोर्ट तैयार रखनी होगी ताकि भविष्य में ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
इस बीच, सभी मृतकों के पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है और शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं। गोवा पुलिस अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी दबाव बढ़ाते हुए लूथरा ब्रदर्स की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने में लगी है।
