आगरा, 10 मार्च। सहायक कृषि विपणन अधिकारी/सदस्य सचिव, मण्डलीय कृषि निर्यात निगरानी समिति डा0 दिनेश चन्द्र ने अवगत कराया है कि उ0प्र0 कृषि निर्यात नीति-2019 के अन्तर्गत कृषि निर्यात को बढ़ावा देने हेतु प्रगतिशील कृषकों एफ0पी0ओ0/ एफ०सी०सी०/निर्यातकों/अन्य हितधारकों की क्षमता निर्माण हेतु 13.03.2023 को प्रातः 10ः00 बजे आयुक्त सभागार, आगरा में एक दिवसीय कार्यशाला/गोष्ठी का आयोजन किया जाना निर्धारित किया गया है।
उक्त कार्यशाला में कृषि निर्यात विषयक प्रस्तुतिकरण, कृषि उत्पाद और प्रसंस्कृत खाद्य निर्यात विकास प्राधिकरण (एपीडा) भारत सरकार उ0प्र0 कृषि निर्यात नीति-2019 का प्रस्तुतिकरण तथा कृषि जिन्सों के निर्यात उन्मुख क्लस्टर निर्माण, उ0प्र0 कृषि निर्यात नीति, एक्सपोर्ट प्रमोशन प्लान, विर्निदिष्ट/गैर विर्निदिष्ट कृषि उपज पर मंडी शुल्क/प्रयोक्ता प्रभार एवं विकास सेस से छूट पर विस्तृत परिचर्चा की जायेगी। साथ ही निर्यात हेतु गुणवत्ता युक्त उत्पादन के सम्बन्ध में कृषि सम्बंधी विभागों द्वारा चर्चा भी की जायेगी।
निःशुल्क रोजगार मेला 14 मार्च को
आगरा, 10 मार्च। सहायक निदेशक (सेवायोजन) ने अवगत कराया है कि शासन/विभाग के निर्देशों के क्रम में दिव्यांग हेतु नेशनल कॅरियर सर्विस सेण्टर कानुपर एवं विकलांग सेवा संस्था आगरा के संयुक्त तत्वावधान में दिव्यांजनों हेतु क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय परिसर, सांई का तकिया, एम0जी0रोड, आगरा में दिनांक 14-03-2023 को प्रातः 11ः00 बजे से एक दिवसीय निःशुल्क रोजगार मेला आयोजित किया जा रहा है। सहायक निदेशक (सेवायोजन) ने यह भी बताया है कि मेले में निजी क्षेत्र की प्रतिष्ठित कम्पनियों द्वारा 200 से अधिक तकनीकी एवं गैर तकनीकी रिक्त पदों पर अभ्यर्थियों का चयन साक्षात्कार के माध्यम से किया जायेगा। रोजगार मेले के मुख्य अतिथि मा0 विधायक डा0 गिर्राज सिंह धर्मेश जी होंगे। उन्होंने बताया है कि मेले में प्रतिभाग करने के इच्छुक अभ्यर्थी सेवायोजन पोर्टल (सेवायोजनडाटयूपीडाटएनआईसीडाटइन) की रोजगार मेला आई0डी0-7352 अथवा एन०सी०एस० पोर्टल (एनसीएसडाटजीओवीडाटइन) पर अपना ऑनलाइन आवेदन दिनांक 14-03-2023 तक कर प्रतिभाग कर सकते हैं। मेले में भाग लेने वाले नियोजकों /कंपनियों का विवरण क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय, आगरा के सूचना पट पर उपलब्ध रहेगा। मेले में भाग लेने वाले दिव्यांगों को मार्ग व्यय देय नहीं होगा।


