आगरा की राम बरात में उमड़ा जनसैलाब, जयघोष और पुष्प वर्षा से सराबोर हुआ मार्ग

स्थानीय समाचार

आगरा: शहर की ऐतिहासिक रामलीला में बुधवार को श्रीराम के स्वरूप जब सिया को ब्याहने बारात लेकर निकले तो उनकी नयनाभिराम छटा देखने को पूरा शहर उमड़ पड़ा। उत्तर भारत की सर्वश्रेष्ठ मानी जाने वाली इस राम बरात की शोभा देखते ही बनती थी। लगभग सवा सौ धार्मिक और सामाजिक संदेश वाली झांकियों के साथ निकली इस बरात में दूल्हा बने राम के साथ ही उनके तीनों भाई भरत, लक्ष्मण और शत्रुघ्न के स्वरूप भी अपने-अपने रथों पर शोभायमान थे। रास्ते में मकानों और भवनों से श्रद्धालु झांकियों और रथों पर पुष्प वर्षा कर रहे थे।

रामलीला कमेटी ने दोपहर करीब ढाई बजे से बरात का शुभारंभ करा दिया था। एक के बाद एक झांकियां क्रमवार निकलती रहीं। अधिकांश झांकियों में देवी- देवताओं के स्वरूपों के दर्शन हो रहे थे। इसके अलावा देशप्रेम, सामाजिक समरसता और नारी सशक्तिकरण पर आधारित झांकियां भी लोगों का मन मोह रही थीं। अनेक नर्तक और नर्तकियों के स्वरूप भी ईश वंदना करते चल रहे थे।

राजा दशरथ, गुरु वशिष्ठ, और मुनि विश्वामित्र भी अपने रथों पर शोभायमान थे। चांदी के रथ पर भगवान विष्णु और लक्ष्मी के स्वरूप भी दर्शन देते रहे। प्रभु श्रीराम, लक्ष्मण, भरत और शत्रुघ्न जब रथ पर सवार होकर निकले तो पूरा वातावरण जय श्रीराम के उद्घोष से गूंज उठा। श्रद्धालुओं की भीड़ से मार्ग सराबोर हो गया।

बघेल, उपाध्याय, सीपी और डीएम ने की आरती

शाम करीब साढ़े छह बजे रावतपाड़ा स्थित लाला चन्नोमल की बाराद्वारी में राम, लक्ष्मण, भरत शत्रुघ्न के स्वरूपों की आरती केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो एसपी सिंह बघेल, प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय, पुलिस आयुक्त दीपक कुमार और जिलाधिकारी अरविंद मलप्पा बंगारी के साथ ही अन्य अतिथियों ने उतारी। रामलीला कमेटी के अध्यक्ष विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल और महामंत्री राजीव अग्रवाल ने अतिथियों का किया। आरती का संचालन उपाध्यक्ष संजय तिवारी ने किया। भारतीय जनता पार्टी के महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, भाजपा नेता अलौकिक उपाध्याय, पूर्व पार्षद प्रतूल भार्गव, पार्षद अनुज शर्मा भी मौजूद रहे।

बरात संचालन टीम को मिला साधुवाद

बरात में शामिल 11 बैंडों ने भक्ति की धुनों से वातावरण को उल्लासित कर दिया। श्रद्धालु इन धुनों पर झूम उठे। जनता की प्रतिक्रिया रही कि इस बार राम बरात में झांकियां पिछले वर्ष के मुकाबले अधिक दर्शनीय थीं। बरात के संचालन में समन्वय भी बेहतर रहा। इसके लिए रामलीला कमेटी के अध्यक्ष विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, महामंत्री राजीव अग्रवाल और कोषाध्यक्ष ताराचंद अग्रवाल ने प्रवीन स्वरूप, अंजुल बंसल, मुकेश जौहरी, दीपक ढल, रामकिशन अग्रवाल और उनकी टीम के सभी सदस्यों को साधुवाद दिया।

हालांकि राम के स्वरूप रात्रि नौ बजे अपने रथ पर सवार हो पाए, लेकिन, बेहतर तालमेल के चलते मध्य रात्रि 12 बजे तक रामजी का रथ बेलनगंज पहुंच चुका था।

जनकपुरी कमलानगर में सुबह होगी अगवानी

राम बरात रावतपाड़ा से दरेसी, छत्ता बाजार, कचहरी घाट, बेलनगंज, धूलियागंज, किनारी बाजार, सिटी स्टेशन रोड, घटिया आजम खां चौराहा, छिली ईंट रोड, फुलट्‌टी बाजार, सेब का बाजार होते हुए जौहरी बाजार पहुंचकर संपन्न होगी। इसके बाद स्वरूपों को कारों में सीधे कमलानगर ले जाया जाएगा। कमलानगर में गुरुवार की सुबह अगवानी के बाद बरात जनकमहल पहुंच कर विश्राम लेगी।

पुलिस ने यातायात नियंत्रण में दिखाई सक्रियता

भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस प्रशासन ने कड़ी व्यवस्था की हुई थी। प्रत्येक झांकी के साथ पुलिसकर्मी तैनात दिखे और वरिष्ठ अधिकारी भी लगातार मार्ग का निरीक्षण करते रहे। बरात के प्रारंभ स्थल पर हर वर्ष दिखने वाला अनावश्यक यातायात पूरी तरह नियंत्रित था। विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल भी झाकियों के संचालन की पल-पल की जानकारी लेते रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *