आगरा। जनता इंटर कॉलेज फतेहाबाद के क्रीड़ांगन में आज जनपदीय माध्यमिक खो-खो प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में जनता इंटर कॉलेज फतेहाबाद व सरोज देवी इंटर कॉलेज धनौली आगरा की टीमों ने
U-19 , U-17 व U-14 बालक वर्ग में प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता का शुभारम्भ मुख्य अतिथि वरिष्ठ अधिवक्ता एवं विद्यालय के संरक्षक सुरेन्द्र कुमार पैंगोरिया द्वारा सरस्वती प्रतिमा पर माल्यार्पण व दीप प्रज्वलित कर किया गया। प्रधानाचार्य डॉक्टर शिव कुमार सिंह ने मुख्य अतिथि एवं निर्णायक मंडल के सदस्यों का स्वागत एवं अभिनन्दन किया। मुख्य अतिथि ने सभी खिलाड़ियों का परिचय प्राप्त किया और अपने उद्बोधन में सभी खिलाड़ियों को खेल भावना से खेलने के लिए प्रेरित किया।
अन्य विद्यालयों से U-14 बालक वर्ग में कोई भी प्रतिभागी टीम के न आने के कारण जनता इंटर कॉलेज फतेहाबाद की टीम को निर्णायक मंडल के द्वारा विजय घोषित किया गया ।अंडर-19 में बालक वर्ग में जनता इंटर कॉलेज फतेहाबाद विजेता व उपविजेता सरोज देवी इन्टर कॉलेज धनौली आगरा रही। अंडर 17 बालक वर्ग में जनता इंटर कॉलेज की ही टीम विजेता व उपविजेता सरोज देवी इन्टर कॉलेज धनौली की टीम रही ।
समापन कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंधक श्री रजत पैंगोरिया ने विजेता व उपविजेता टीम को शील्ड देकर सम्मानित किया तथा उन्होने अपने उद्बोधन में खिलाड़ियो को जीत-हार से ऊपर उठकर केवल खेल भावना से खेलने व खेलों द्वारा शारीरिक व मानसिक रूप से मजबूत होने के बारे में बताया। सभी विजेताओं को मण्डलीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने और एकजुटता के लिए शुभकामनायें प्रेषित की। प्रधानाचार्य जी ने सभी अतिथियों को धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम का संचालन उदयराज सिंह, डॉक्टर संजय कुमार व ज्ञानेंद्र कुमार यादव ने किया। इस अवसर पर शादिक अली, निर्णायक मंडल में प्रकाश कुमार पटेल, रणविजय पाल, सकोरर गोपाल गुर्जर व सभी अध्यापकगण व एवं अन्य स्टॉफ मौजूद रहे।


