आगरा। जननायक भारत रत्न कर्पूरी ठाकुर की 102वीं जयंती को लेकर आगरा में उत्साह का माहौल है। सविता सैन नन्द महासभा की ओर से जयंती समारोह पूरे सम्मान, जोश और सामाजिक एकजुटता के साथ मनाया जाएगा। इसी क्रम में बुधवार को वाटरवर्क्स स्थित होटल अतिथिवन में आयोजित बैठक के दौरान महासभा पदाधिकारियों ने कार्यक्रम के आमंत्रण पत्र का विधिवत विमोचन किया।
महासभा के संस्थापक चंद्रभान सिंह समाधिया ने बताया कि जयंती समारोह 24 जनवरी को राजपुर चुंगी स्थित कर्पूरी चौक पर आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम की शुरुआत जननायक कर्पूरी ठाकुर की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ होगी, इसके बाद भव्य बाइक रैली निकाली जाएगी।
प्रमुख मार्गों से निकलेगी बाइक रैली
बाइक रैली कर्पूरी चौक से शुरू होकर राजपुर रोड, शहीद नगर तिराहा, विवेकानंद चौराहा, शहीद भगत सिंह चौराहा, नेताजी सुभाष चंद्र चौराहा सहित शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए पुनः कर्पूरी चौक पर समाप्त होगी। महासभा ने बताया कि यह रैली जननायक के विचारों और सामाजिक न्याय के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम बनेगी।
पीएम मोदी को भेजे जाएंगे 94,435 पोस्टकार्ड
कार्यक्रम के तहत भाजपा के बृज क्षेत्र संयोजक जितेन्द्र कुमार सविता द्वारा घर-घर संपर्क अभियान चलाकर आगरा से 94,435 पोस्टकार्ड प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भेजे जाएंगे। इन पोस्टकार्ड के माध्यम से कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न दिए जाने पर आभार व्यक्त किया जाएगा।
मेधावी छात्र और बुजुर्ग होंगे सम्मानित
महासभा के जिला अध्यक्ष मनीष मालोनिया ने बताया कि समारोह में समाज के मेधावी छात्र-छात्राओं और वयोवृद्धजनों को “वृद्धजन सम्मान समारोह” के तहत सम्मानित किया जाएगा। साथ ही आगामी चुनावों को लेकर समाज की राजनीतिक भागीदारी और संख्या बल के आधार पर सशक्त भूमिका पर भी चर्चा होगी।
मुख्य अतिथि होंगे भुवन भूषण
समारोह का उद्घाटन पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य भुवन भूषण मुख्य अतिथि के रूप में करेंगे। कार्यक्रम में गौरव नन्द सहित अन्य विधायक प्रत्याशी भी विशेष रूप से मौजूद रहेंगे।
इस अवसर पर जितेन्द्र कुमार सविता, रामसेवक वर्मा, मनोज कुमार, विजय कुमार समेत समाज के बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
