मुहर्रम से पहले मुस्लिम बस्तियों और कर्बलाओं की सफाई-प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश

Press Release उत्तर प्रदेश

—– अल्प संख्यक सभा समाजवादी पार्टी के महानगर अध्यक्ष द्वारा दिए गए ज्ञापन पर नगर आयुक्त ने दिए तत्काल कार्रवाई के निर्देश
—- ताजिया मार्गों पर विशेष सफाई अभियान चलेगा

आगरा। आगामी मुहर्रम पर्व को लेकर शहर की मुस्लिम बस्तियों, कर्बलाओं तथा ताजिया मार्गों पर सफाई और प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित कराने के निर्देश नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने संबंधित अधिकारियों को दिये हैं। समाजवादी पार्टी अल्पसंख्यक सभा के महानगर अध्यक्ष मुन्ना खान अलवी ने इस संबंध में नगर आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर आवश्यक व्यवस्थाएं कराने की मांग की थी।
ज्ञापन में कहा गया है कि 23 जून को मुहर्रम का पर्व मनाया जाएगा। इस अवसर पर शहर की विभिन्न मुस्लिम बस्तियों में ताजिये स्थापित किए जाते हैं तथा जुलूस निकाले जाते हैं। ताजियों के गुजरने वाले कई मार्गों और ताजिये रखे जाने वाले स्थानों पर गंदगी के ढेर लगे हुए हैं। साथ ही अनेक क्षेत्रों में स्ट्रीट लाइटें खराब हैं या पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था नहीं है, जिससे श्रद्धालुओं और जायरीनों को असुविधा का सामना करना पड़ सकता है। बताया कि आगरा के ताजिये देशभर में अपनी विशेष पहचान रखते हैं और इन्हें देखने के लिए अन्य शहरों से भी बड़ी संख्या में जायरीन आते हैं। ऐसे में यदि सफाई और प्रकाश व्यवस्था बेहतर नहीं होगी तो शहर की छवि प्रभावित होगी। उन्होंने नगर निगम प्रशासन से मुस्लिम बस्तियों, ताजिया मार्गों और शहर की विभिन्न कर्बलाओं में विशेष सफाई अभियान चलाने तथा खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों को तत्काल ठीक कराने की मांग की।
ज्ञापन का संज्ञान लेते हुए नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने मामले को गंभीरता से लिया और प्रभारी मुख्य अभियंता अरविंद श्रीवास्तव तथा मुख्य अभियंता विद्युत एवं यांत्रिक अजय कुमार राम को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश जारी कर दिए हैं। नगर निगम के संबंधित विभागों को मुहर्रम से पूर्व सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
नगर निगम प्रशासन द्वारा ताजिया मार्गों का निरीक्षण कर विशेष सफाई अभियान चलाने, नालियों की सफाई कराने, कूड़ा उठान की व्यवस्था मजबूत करने तथा खराब स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त कराने की तैयारी शुरू कर दी गई है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि मुहर्रम के दौरान संवेदनशील एवं प्रमुख स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाए।

वर्जन – नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य

“मुहर्रम पर्व को देखते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं। शहर की मुस्लिम बस्तियों, कर्बलाओं और ताजिया मार्गों पर विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा तथा जहां भी प्रकाश व्यवस्था संबंधी समस्या है, उसे प्राथमिकता के आधार पर दूर कराया जाएगा। नगर निगम की प्राथमिकता है कि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जाए।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *