नेहरू हाकी में आगरा की सुखजीवन अकादमी ने गोवा के खिलाफ मैच में की गोलों की बारिश, 14-0 से हराया

SPORTS उत्तर प्रदेश दिल्ली/ NCR स्थानीय समाचार

नई दिल्ली-आगरा, 23 अक्टूबर।  ऑल इंडिया नेहरू हॉकी प्रतियोगिता में आगरा की सुखजीवन स्पोर्ट्स एकेडमी ने गोवा के खिलाफ मैच में गोलों की बारिश कर दी। प्रतियोगिता के पहले मैच में सुखजीवन स्पोर्ट्स एकेडमी ने गोआ को एकतरफा मुकाबले में 14-00 से हराकर टूर्नामेंट की शानदार शुरूआत की। हर क्वार्टर में गोवा के खिलाफ आगरा के खिलाड़ियों ने विपक्षी टीम की रक्षा पंक्ति को भेदकर गोल दागे। ऐतिहासिक जीत पर आगरा के खेल जगत ने खिलाड़ियों को बधाई दी है।
सुखजीवन स्पोर्ट्स एकेडमी के चेयरमैन राजीव सोई ने बताया कि पहले क्वार्टर में ही 3 गोल दागकर टीम ने गोवा के खिलाफ बढ़त बना ली। दूसरे और तीसरे हाफ में 3-3 गोल किए। चौथे हाफ में सुखजीवन स्पोर्ट्स एकेडमी के खिलाड़ियों ने सर्वाधिक 5 गोल दागकर गोवा की रक्षा पंक्ति को तहस नहस कर दिया। सुखजीवन स्पोर्ट्स एकेडमी के दिव्यांशु शर्मा और गौरव यादव ने 3-3 गोल, कप्तान मनीष प्रजापति, तुषार शर्मा, शिवम पटेल ने 2-2-2 गोल और मिथलेश और अंकित ने 1-1 गोल दागकर अपनी टीम को ऐतिहासिक जीत दिलाई।
ज्ञातव्य है कि राष्ट्रीूय स्कूली हाकी प्रतियोगिता में आगरा की सुखजीवन स्पोर्ट्स अकादमी की टीम को सीधे प्रवेश मिला है। इससे पहले आगरा से 32 साल पहले एन सी वैदिक इंटर कालेज की टीम इस टूर्नामेंट में खेली थी। इसके बाद अब आगरा की इस टीम को प्रतिष्ठित नेहरू हाकी टूर्नामेंट में प्रवेश मिला है। प्रवेश के साथ ही आगरा की टीम ने पहले ही मैच में धमाकेदार जीत दर्ज कर टूर्नामेंट में शानदार आगाज किया है। अकादमी की इस टीम ने टूर्नामेंट के लिये दिल्ली जाने के पहले आगरा के एकलव्य स्टेडियम में एस्ट्रोटर्फ पर काफी अभ्यास किया है। ओलंपियन जगवीर सिंह ने शुभकामनाओं के साथ टीम की जर्सी का अनावरण किया था। साथ ही विजयी होने की शुभकामनाएं दी थीं।

ऑल इंडिया नेहरू हॉकी प्रतियोगिता के इतिहास में आगरा की टीम ने इतने बड़े अंतर से उद्घाटन मैच में जीत दर्ज की। शहर के खेल जगत ने सुखजीवन स्पोर्ट्स एकेडमी के खिलाड़ियों की ऐतिहासिक जीत पर बधाई दी है। जिला ओलंपिक संघ के अध्यक्ष डॉ. हरि सिंह यादव, सचिव राहुल पालीवाल, जिला ताइक्वांडो संघ के अध्यक्ष डॉ. एमसी शर्मा, सीईओ संगीता शर्मा, सचिव पंकज शर्मा, अमरजीत सिंह , गोपाल भगत , भरत सिंह , अमिताभ गौतम , संजय नेहरू , के पी सिंह , धर्मेंद्र बघेल, मोहित कपूर , गिन्नी , शैलेश सिंह, आमीन उल्ला , परमजीत सिंह , डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष सुनील जोशान, सचिव प्रकाश कौशल, पूर्व रणजी खिलाड़ी सर्वेश भटनागर, जिला बैडमिंटन संघ के अध्यक्ष बीना लवानियां, चेयरमैन विनोद शीतलानी, जिला शतरंज संघ के अध्यक्ष अनिल श्रीवास्तलव, सचिव संजय दुबे ,  सेवानिवृत्त क्रीड़ाधिकारी एस एस चौहान, हरदीप सिंह हीरा.  जुनैद सलीम, रवि मेहता आदि ने हर्ष प्रकट किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *