प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार (23 फरवरी) को के मन की बात कार्य्रकम के 119वें एपीसोड को संबोधित किया। उन्होंने स्पेस साइंस और AI तकनीक से भारत में आए बदलावों का जिक्र करते हुए कहा, 8 मार्च को महिला दिवस पर मैं एक नई पहल करने जा रहा हूं। इस दिन मेरे सभी सोशल मीडिया एकाउंट्स प्रेरणदायी महिलाओं को समर्पित रहेंगे। पीएम मोदी ने युवाओं से मोटापा से बचने कम तेल खाने का आह्वान किया।
मन की बात के 119वें एपीसोड में प्रधानमंत्री मोदी ने पर्यावरण, सेहत, तकनीक और महिला सशक्तिकरण की दिशा में हुए बड़े बदलावों और उनसे जुडे़ लोगों की चर्चा की। कहा, भारत स्पेश साइंस में लगातार अपनी धमक बढ़ा रहा है। हमारी इस क्षमता का लोहा पूरी दुनिया मानने लगी है।
मन की बात में पीएम मोदी ने कहा
पीएम मोदी ने कहा, महिला दिवस पर इस बार मैं नारी-शक्ति को समर्पित नई पहल करने जा रहा हूं। इस दौरान मैं अपने एक्स और इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया अकाउंट देश की प्रेरणादायक महिलाओं को सौंपने जा रहा हूं। 8 मार्च को वह इसके जरिए वह अपने कार्य और अनुभवों को देशवासियों से साझा करेंगी।
पीएम मोदी ने छात्रों (एक्जाम वारियर्स) की हौसाला आफजाई की। कहा, परीक्षा पर चर्चा कार्यक्रम संस्थागत स्वरूप लेता जा रहा है। इस वर्ष देश के कई टॉपर्स और हुनरमंद युवाओं ने उन्हें जरूरी टिप्स दिए हैं। सोशल मीडिया में देशभर के लोग इसे देखकर प्रोत्साहित कर रहे हैं। जो लोग नहीं देख पाए, नमो एप पर जाकर इन्हें एक बार जरूर देखें।
पीएम मोदी ने कहा, उत्तराखंड में आयोजित राष्ट्रीय खेलों में देशभर के 11,000 से अधिक एथलीटों ने शानदार प्रदर्शन किया। इस प्रोग्राम ने देवभूमि के नए स्वरूप को प्रस्तुत किया। उत्तराखंड देश में सशक्त खेल शक्ति के रूप में उभर रहा है। खेलों की यह शक्ति व्यक्तियों और समुदायों के साथ-साथ पूरे राज्य को बदल रही है। साथ ही भावी पीढ़ियों को प्रेरित कर उत्कृष्टता की संस्कृति को बढ़ावा देती है।
पीएम मोदी ने कहा, हाल ही में मैं बड़े AI सम्मेलन में भाग लेने पेरिस गया। जहां भारत की इस प्रगति का पूरी दुनिया ने तारीफ की। तेलंगाना के आदिलाबाद में सरकारी स्कूल शिक्षक थोडासम कैलाश ने हमारी आदिवासी भाषाओं को संरक्षित करने में मदद की। उन्होंने AI टूल्स का उपयोग कर कोलामी भाषा में गीत की रचना की। अंतरिक्ष क्षेत्र हो या फिर AI हमारे युवाओं की बढ़ती भागीदारी ने नई क्रांति लाई है।
पीएम मोदी ने कहा, अभी चैंपियंस ट्रॉफी चल रही है, लेकिन आज मैं आप से क्रिकेट नहीं, बल्कि अंतरिक्ष में भारत द्वारा बनाए गए अद्भुत शतक की बात करने जा रहा हूं। गत माह देश ने इसरो का 100वां रॉकेट लॉन्च देखा है। समय के साथ अंतरिक्ष उड़ान में हमारी उपलब्धियों की सूची लंबी होती जा रही है। चाहे प्रक्षेपण यान का निर्माण हो, चंद्रयान, मंगलयान और आदित्य एल-1 की सफलता हो या फिर 104 उपग्रहों को अंतरिक्ष में भेजने का अभूतपूर्व मिशन हो।
पीएम ने छात्रों को दी शुभकामनाएं
पीएम मोदी ने बोर्ड परीक्षा में शामिल होने वाले छात्रों को परीक्षा की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि ये बोर्ड परीक्षाओं का समय है। बिना किसी तनाव के सकारात्मक भावना के साथ अपने पेपर दें।
वन्यजीव संरक्षण पर दिया जोर
इसके अलावा प्रधानमंत्री ने वन्यजीव संरक्षण पर जोर दिया। पीएम मोदी ने कहा कि ये जंगली जानवर हमारे इतिहास और संस्कृति में गहराई से समाए हुए हैं। कई जानवरों को हमारे देवताओं की पवित्र सवारी भी माना जाता है। मध्य भारत में कई आदिवासी समुदाय ‘बाघेशुर’ की पूजा करते हैं। महाराष्ट्र में ‘वाघोबा’ की पूजा करने की परंपरा है। भगवान अयध्या का बाघ से भी गहरा संबंध है। सुंदरबन में लोग ‘बोनबीबी’ की पूजा करते हैं, जिनकी सवारी बाघ है।
आदिवासी लोगों का आभार जताया
प्रधानमंत्री मोदी ने वन्यजीव संरक्षण प्रयासों में भागीदारी के लिए आदिवासी लोगों का आभार भी व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कर्नाटक के बीआरटी टाइगर रिजर्व में बाघों की आबादी लगातार बढ़ रही है। इसका श्रेय सोलिगा जनजातियों को जाता है, जो बाघों की पूजा करते हैं। उनकी वजह से इस क्षेत्र में मानव-पशु संघर्ष लगभग न के बराबर है। इसी तरह गुजरात में स्थानीय लोगों ने गिर में एशियाई शेरों की सुरक्षा और संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने दुनिया को दिखाया है कि प्रकृति के साथ सच्चा सह-अस्तित्व कैसा होता है।
भारत की वन्यजीव विविधता प्रशंसा के लायक
पीएम ने कहा कि भारत की वन्यजीव विविधता भी प्रशंसा के लायक है। एशियाई शेर देश के पश्चिमी भाग में पाए जाते हैं जबकि बाघ पूर्वी, मध्य और दक्षिणी भारत में रहते हैं। दूसरी ओर गैंडे पूर्वोत्तर क्षेत्र में पाए जाते हैं। भारत का हर हिस्सा न केवल प्रकृति से गहराई से जुड़ा हुआ है बल्कि वन्यजीव संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध भी है।
दिल्ली में CM रेखा गुप्ता और JP नड्डा ने सुना कार्यक्रम
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम का देशभर में लाइव प्रसारण किया गया। दिल्ली में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा और सांसद बांसुरी स्वराज ने अन्य लोगों के साथ यह कार्यक्रम सुना। झारखंड में केंद्रीय मंत्री शेखावत, पटना में रविशंकर प्रसाद, देहरादून में सीएम धामी सहित ने भी पीएम मोदी के मन की बात सुनी।