आगरा हॉकी मास्टर्स के तत्वावधान में हुए मैत्री मैच का फैसला शूटआउट में सुखजीवन अकादमी के पक्ष में
आगरा, 7 नवम्बर — भारतीय हॉकी के गौरवशाली सौ वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आगरा हॉकी मास्टर्स एवं सुख जीवन स्पोर्ट्स अकादमी के तत्वावधान में एक शानदार मैत्री मैच का आयोजन किया गया। यह मैच सुख जीवन स्पोर्ट्स अकादमी और आर्मी इलेवन के बीच खेला गया, जिसमें दोनों टीमों ने अपने खेल कौशल, अनुशासन और कलात्मकता से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
मैच की शुरुआत में आर्मी इलेवन ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए पेनाल्टी स्ट्रोक पर अपने कप्तान सुबेदार राजवीर सिंह के गोल से बढ़त बना ली। जवाब में सुख जीवन स्पोर्ट्स अकादमी के खिलाड़ी अजय सिंह राजपूत ने धर्मेंद्र बघेल के शानदार पास पर गोल करते हुए स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया। लास्ट क्वार्टर में मुकाबला रोमांचक मोड़ पर पहुँचा। आर्मी इलेवन की ओर से पप्पू चौहान ने गोल कर टीम को 2-1 की बढ़त दिलाई, लेकिन अंतिम मिनटों में सुख जीवन स्पोर्ट्स अकादमी के फॉरवर्ड धर्मेंद्र बघेल ने जोरदार गोल कर मैच को 2-2 की बराबरी पर पहुँचा दिया। निर्णय शूटआउट पर हुआ, जिसमें सुख जीवन स्पोर्ट्स अकादमी ने तीन गोल दागकर 5-2 से शानदार विजय प्राप्त की।
इस अवसर पर आगरा हॉकी मास्टर्स के सचिव अमिताभ गौतम ने कहा —“भारतीय हॉकी के सौ साल वाकई बेमिसाल हैं। यह वही खेल है जिसने भारत को ओलंपिक में सबसे अधिक स्वर्ण पदक दिलाए हैं। हमें विश्वास है कि आने वाले समय में भारत फिर से हॉकी के स्वर्ण युग की ओर अग्रसर होगा। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी के खिलाड़ियों में उत्साह और जोश भरते रहेंगे।”

टीमें इस प्रकार रहीं :
सुख जीवन स्पोर्ट्स अकादमी (आगरा)
धर्मेंद्र बघेल (कप्तान), अजय राजपूत, अमरजीत सिंह, गोपाल भगत, अशोक यादव, गुरप्रीत सिंह, गौरव रौतेला, कुलदीप सिरोही, धर्मेश राजपूत, अमानुल्लाह, शाहिद अंसारी, खलील, धीरज मदन, अल्पेश (गोलकीपर), अनुज वही।
आर्मी इलेवन
राजवीर सिंह (कप्तान), पप्पू चौहान, प्रवीण, अंकुर यादव, युवराज जडेजा, मनोज जोशी, प्रदीप सिंह, शरद, बेंजामिन, रमन, संदीपन, सरताज शर्मा, नितिन टिंकू सरशवत, कंपनी CO हुकम सिंह राठौर,
मुख्य अतिथि कैंटोनमेंट बोर्ड अध्यक्ष राजेश गोयल ‘बब्लू भाई’ एवं क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी संजय शर्मा ने दोनों टीमों से परिचय प्राप्त किया और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम में क्रीड़ा भारती आगरा महानगर प्रांत सहमंत्री मोहित वर्मा, आगरा विभाग संयोजक राजेश सिंह कुशवाहा, जिला मीडिया प्रभारी देवजीत घोष, मीडिया प्रभारी रूपेश अग्रवाल, अर्निका माहेश्वरी, अमर सिंह राठौड़ सहित अनेक गणमान्य उपस्थित रहे। विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी प्रदान की गई।वरिष्ठ खिलाड़ियों में हाजी मोहम्मद इदरीस खान, परमजीत सिंह, बंटी यादव,अमित दीक्षित, अमन शर्मा ,राहुल सक्सेना, गौरव शर्मा, दिनेश शर्मा, पवन कुमार आदि उपस्थित रहे। मंच संचालन श्री के.पी. सिंह एवं संजय नेहरू ने किया।
आगरा हॉकी मास्टर्स एवं सुख जीवन स्पोर्ट्स अकादमी के अध्यक्ष राजीव सोही ने कहा — “भारतीय हॉकी के सौ वर्षों के इस गौरवशाली अवसर पर हम अपने खिलाड़ियों और दर्शकों के साथ इस पल के साक्षी बनकर गौरवान्वित हैं। आने वाले समय में हम हर युवा खिलाड़ी को प्रोत्साहन, सहयोग और संसाधन उपलब्ध कराकर हॉकी के इस स्वर्ण युग को फिर से लौटाने के लिए संकल्पित हैं।”
अंत में सभी उपस्थितजनों ने एक स्वर में संकल्प लिया —
“हॉकी का परचम फिर पूरे भारतवर्ष में लहराएगा, और आने वाले सौ वर्ष भारतीय हॉकी के नए स्वर्ण युग की गाथा लिखेंगे।”


