मेहताब बाग में दौड़े कदम, बनी स्वच्छता की मानव श्रृंखला

स्थानीय समाचार

—– प्लॉग रन और नुक्कड़ नाटक से पर्यटकों को किया जागरूक, दुकानदारों से कूड़ा निर्धारित स्थान पर डालने की अपील

आगरा। स्वच्छता ही सेवा-2026 अभियान के तहत गुरुवार को नगर निगम की ओर से मेहताब बाग में स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्लॉग रन, मानव श्रृंखला, स्वच्छता शपथ और नुक्कड़ नाटक के जरिए लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। पर्यटकों और स्थानीय दुकानदारों से भी शहर को साफ रखने में सहयोग की अपील की गई।

वार्ड 13 के 11 सीडी स्थित मेहताब बाग ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में नगर निगम अधिकारियों, एसएफआई, जोनल स्वच्छता अधिकारी आशुतोष वर्मा और सहयोगी संस्थाओं ने परिसर और आसपास सफाई अभियान चलाया। प्लॉग रन के दौरान प्रतिभागियों ने स्वच्छता के प्रति सक्रिय भागीदारी का संदेश दिया। इसके बाद मानव श्रृंखला बनाकर लोगों को खुले में कूड़ा नहीं फेंकने और कचरे का निर्धारित स्थान पर ही निस्तारण करने के लिए जागरूक किया गया। इसके अलावा ईदगाह परिसर में भी कार्यक्रम का आयोजन कर स्वच्छता का संदेश दिया गया।

नुक्कड़ नाटक ने खींचा पर्यटकों का ध्यान—-

मेहताब बाग पहुंचे पर्यटकों के बीच नुक्कड़ नाटक के माध्यम से स्वच्छता, कचरा प्रबंधन और स्वच्छ व्यवहार का संदेश दिया गया। कलाकारों ने रोचक अंदाज में बताया कि सार्वजनिक स्थानों को साफ रखना केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि नागरिकों की भी जिम्मेदारी है। स्थानीय दुकानदारों से दुकानों के आसपास सफाई रखने और कूड़ा इधर-उधर नहीं डालने की अपील की गई।
कार्यक्रम में शामिल लोगों ने स्वच्छता के प्रति प्रतिबद्धता दोहराई। नगर निगम की ओर से अपील की गई कि स्वच्छता को केवल अभियान तक सीमित न रखकर इसे रोजमर्रा की आदत बनाया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *